भारतीय-अमेरिकी रिनी संपथ वाशिंगटन डीसी मेयर चुनाव के बैलेट में शामिल
वाशिंगटन, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। तमिलनाडु में जन्मी रिनी संपथ अमेरिका के वाशिंगटन डीसी में मेयर पद के लिए चुनाव में जगह बनाने वाली पहली दक्षिण एशियाई व्यक्ति बन गई हैं। यह शहर के राजनीतिक इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
रिनी संपथ तमिलनाडु के थेनी की रहने वाली हैं, जो सात साल की उम्र में अमेरिका चली गई थीं। मेयर पद के चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि यह पल उनके लिए व्यक्तिगत और व्यापक समुदाय के नजरिए से बहुत मायने रखता है।
उन्होंने कहा, "वाशिंगटन डीसी के मेयर पद के चुनाव में जगह बनाने वाली पहली दक्षिण एशियाई व्यक्ति बनना मेरे लिए बहुत मायने रखता है। मैं सात साल की उम्र में 'अमेरिकन ड्रीम' (अमेरिकी सपने) को पूरा करने के लिए अमेरिका आई थी और मैं इस दौड़ में इसलिए शामिल हुई हूं, ताकि यह सुनिश्चित कर सकूं कि वह सपना डीसी के निवासियों के लिए सच में साकार हो।"
रिनी संपथ के अभियान के अनुसार, 4,500 से अधिक लोगों ने उनके चुनाव में शामिल होने के लिए याचिका पर हस्ताक्षर किए।
संपथ ने कहा, "मुझे इस बात की बहुत खुशी है कि वाशिंगटन डीसी के मेयर पद के चुनाव में शामिल होने के लिए 4,500 से ज्यादा लोगों ने मेरी याचिका पर हस्ताक्षर किए। दक्षिण एशियाई लोग हमारी अर्थव्यवस्था में बहुत बड़ा योगदान देते हैं, लेकिन सरकार में उनका प्रतिनिधित्व बहुत कम है। मुझे उम्मीद है कि मेरी उम्मीदवारी दूसरों को चुनाव लड़ने और अपने पड़ोसियों की भलाई के लिए काम करने के लिए प्रेरित करेगी, और मुझे उम्मीद है कि आप हमारे अभियान में शामिल होंगे।"
चुनाव अभियान से जुड़ी जानकारी के अनुसार, संपथ 31 साल की एक सरकारी कॉन्ट्रैक्टर हैं, जो एक दशक से भी अधिक समय से अमेरिका की राजधानी में रह रही हैं। उन्होंने अपने चुनाव अभियान का मुख्य केंद्र बुनियादी नागरिक सेवाओं और शासन सुधारों को बनाया है।
अपने एजेंडे की रूपरेखा बताते हुए उन्होंने कहा, "मेयर के तौर पर, मेरी प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना होगा कि हमारा शहर अपने निवासियों के प्रति अपनी बुनियादी प्रतिबद्धताओं को पूरा करे।" उन्होंने अपनी प्राथमिकताओं में सड़कों के गड्ढे भरना, पोटोमैक नदी में होने वाले खतरनाक गंदे पानी के रिसाव को रोकना, कीमतें कम करने पर जोर और 911 कॉल पर मदद के लिए इंतजार के समय में सुधार करना शामिल है।
अपने प्रचार में संपथ ने सिटी हॉल के स्थापित नेतृत्व की आलोचना भी की। इसके अलावा, उन्होंने खुद को एक बाहरी उम्मीदवार के रूप में भी पेश किया। उन्होंने कहा, "हमें किसी नए व्यक्ति की जरूरत है। हमें मूलभूत चीजों पर वापस जाना होगा और सड़कों, फुटपाथों और शहर की सेवाओं को ठीक करना होगा।"
उनकी व्यक्तिगत कहानी भी उनके अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। तमिलनाडु में जन्मी संपथ ने कहा कि उनकी जड़ें उनकी सार्वजनिक सेवा की प्रेरणा हैं। उन्होंने अपने दादा को अपना प्रेरणास्रोत बताया और अपने पिता के अमेरिका आने के फैसले को भी अपने दृष्टिकोण के निर्माण में अहम बताया।
वाशिंगटन डीसी में मेयर-काउंसिल प्रणाली लागू है, जहां मेयर शहर का मुख्य कार्यकारी होता है। शहर में डेमोक्रेटिक पार्टी का मजबूत आधार होने के कारण प्राइमरी चुनाव अक्सर निर्णायक होता है।
संपथ की उम्मीदवारी अमेरिका में भारतीय-अमेरिकी और अन्य दक्षिण एशियाई समुदायों की बढ़ती राजनीतिक भागीदारी का संकेत भी देती है। हाल के वर्षों में उच्च स्तरों पर प्रतिनिधित्व बढ़ा है, लेकिन बड़े शहरों के मेयर चुनावों में इस समुदाय के उम्मीदवार अभी भी कम देखे जाते हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   4 April 2026 7:48 AM IST












