भारत के ऑटो सेक्टर की बिक्री जुलाई में रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंची, यात्री वाहनों में 34.3 प्रतिशत का उछाल सियाम
नई दिल्ली, 13 अगस्त (आईएएनएस)। भारत में ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री पूरी रफ्तार से भाग रही है और जुलाई में बिक्री अब तक के सबसे उच्चतम स्तर पर रही है। इसमें यात्री, दोपहिया और तिपहिया वाहनों का प्रदर्शन सबसे अच्छा रहा है। यह जानकारी सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (सियाम) की ओर से गुरुवार को दी गई।
सियाम के आंकड़ों के मुताबिक, घरेलू यात्री वाहनों की थोक बिक्री जुलाई में सालाना आधार पर 34.3 प्रतिशत बढ़कर 4,57,810 यूनिट्स हो गई है, जो कि पिछले साल की समान अवधि में 3,40,772 यूनिट्स थी।
दूसरी तरफ, दोपहिया वाहनों की थोक बिक्री सालाना आधार पर 22.6 प्रतिशत बढ़कर 19,23,483 यूनिट्स हो गई है, जो कि पिछले साल की समान अवधि में 15,69,120 यूनिट्स थी। तिपहिया वाहनों की थोक बिक्री सालाना आधार पर 33.4 प्रतिशत बढ़कर 92,560 यूनिट्स हो गई है, जो कि जुलाई 2025 में 69,403 यूनिट्स थी।
प्रदर्शन पर टिप्पणी करते हुए, सियाम के डायरेक्टर जनरल राजेश मेनन ने कहा कि इंडस्ट्री ने जुलाई में अब तक की सबसे अच्छी बिक्री दर्ज की है, जिसमें सभी सेगमेंट में व्यापक स्तर पर वृद्धि देखी गई।
मेनन ने कहा, "भारत की ऑटो इंडस्ट्री ने जुलाई में अब तक की सबसे अच्छी बिक्री की है, जिसमें यात्री वाहन, तिपहिया और दोपहिया वाहन सेगमेंट में जबरदस्त डबल-डिजिट ग्रोथ हुई है। यात्री वाहनों की बिक्री 34.3 प्रतिशत बढ़कर 4.58 लाख यूनिट्स, तिपहिया वाहनों की बिक्री 33.4 प्रतिशत बढ़कर 0.93 लाख यूनिट्स और दोपहिया वाहनों की बिक्री 22.6 प्रतिशत बढ़कर 19.23 लाख यूनिट्स हो गई।"
उन्होंने आगे कहा कि कई महीनों से जारी यह सकारात्मक गति फेस्टिव सीजन में भी बनी हुई है, और उम्मीद है कि मजबूत कंज्यूमर सेंटीमेंट से मांग को सपोर्ट मिलेगा।
इसके अलावा, दोपहिया सेगमेंट में स्कूटर की बिक्री 23.7 प्रतिशत बढ़कर 7,98,190 यूनिट हो गई, जबकि मोटरसाइकिल की बिक्री 20.7 प्रतिशत बढ़कर 10,74,796 यूनिट हो गई।
इसी तरह, मोपेड की बिक्री 48.6 प्रतिशत बढ़कर 50,497 यूनिट हो गई।
तिपहिया सेगमेंट में, पैसेंजर कैरियर की बिक्री 32.9 प्रतिशत बढ़कर 77,994 यूनिट हो गई, जबकि गुड्स कैरियर की बिक्री 40.3 प्रतिशत बढ़कर 12,896 यूनिट हो गई। ई-रिक्शा की बिक्री 7.5 प्रतिशत बढ़कर 1,132 यूनिट और ई-कार्ट की बिक्री 16.2 प्रतिशत बढ़कर 538 यूनिट हो गई।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   13 Aug 2026 2:32 PM IST












