भारत का कृषि निर्यात अप्रैल-सितंबर में तेजी से बढ़ा, बासमती चावल और प्रोसेस्ड फ्रोजन आलू सबसे आगे रहे

नई दिल्ली, 20 नवंबर (आईएएनएस)। चालू वित्त वर्ष में अप्रैल-सितंबर के दौरान भारत के कृषि निर्यात में मजबूत वृद्धि दर्ज की गई। इस वृद्धि में बासमती चावल, प्रोसेस्ड फ्रोजन आलू और येलो डेंट कॉर्न का प्रमुख योगदान रहा। यह जानकारी शुक्रवार को जारी एक आधिकारिक बयान में दी गई।
बयान में कहा गया कि बासमती चावल का निर्यात 25.4 प्रतिशत बढ़कर 1.6 अरब डॉलर हो गया, जबकि प्रोसेस्ड आलू का निर्यात 20.8 प्रतिशत बढ़कर 17.9 करोड़ डॉलर के पार पहुंच गया। वहीं, येलो डेंट कॉर्न के निर्यात में करीब 12 गुना वृद्धि दर्ज की गई। पश्चिम एशिया, पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी एशिया के साथ-साथ अन्य अंतरराष्ट्रीय बाजारों में निर्यात की मजबूत वृद्धि भारत के कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पादों की बढ़ती वैश्विक पहुंच को दर्शाती है।
बासमती चावल के निर्यात में पश्चिम एशिया, उत्तरी अमेरिका और अन्य क्षेत्रों के कई प्रमुख बाजारों में वृद्धि दर्ज की गई।
ईरान भारत के बासमती चावल का सबसे बड़ा निर्यात गंतव्य बनकर उभरा। यहां निर्यात का मूल्य 44.1 प्रतिशत बढ़कर 12.98 करोड़ डॉलर से 18.71 करोड़ डॉलर हो गया। सऊदी अरब में निर्यात 7.9 प्रतिशत बढ़कर 17.44 करोड़ डॉलर पर पहुंच गया, जबकि अमेरिका में 27.7 प्रतिशत की वृद्धि के साथ निर्यात 13.98 करोड़ डॉलर हो गया।
संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में निर्यात 50 प्रतिशत से अधिक बढ़कर इस अवधि के दौरान 13.83 करोड़ डॉलर पर पहुंच गया। यमन, ओमान और जॉर्डन भी ऐसे अन्य प्रमुख गंतव्य रहे, जहां चावल के निर्यात में मजबूत वृद्धि दर्ज की गई।
कनाडा, कतर, नेपाल, मॉरीशस और इटली सहित अन्य देशों में भी इस अवधि के दौरान बासमती चावल के निर्यात में वृद्धि दर्ज की गई। यह अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भारतीय बासमती चावल की बढ़ती भौगोलिक पहुंच को दर्शाता है।
वित्त वर्ष 2026-27 में अप्रैल-सितंबर के दौरान भारत से फ्रोजन आलू का निर्यात 20.8 प्रतिशत बढ़कर 14.85 करोड़ डॉलर से 17.94 करोड़ डॉलर हो गया। पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी एशिया के कई बाजारों में निर्यात वृद्धि दर्ज की गई।
फिलीपींस भारत के फ्रोजन आलू का सबसे बड़ा निर्यात गंतव्य बना रहा, जहां निर्यात 3.67 करोड़ डॉलर तक पहुंच गया। इसके बाद सऊदी अरब का स्थान रहा, जहां निर्यात 2.43 करोड़ डॉलर दर्ज किया गया। इंडोनेशिया में निर्यात 75 प्रतिशत की मजबूत वृद्धि के साथ 1.33 करोड़ डॉलर हो गया। वहीं, जापान को निर्यात दोगुने से अधिक बढ़कर 1.32 करोड़ डॉलर पर पहुंच गया।
येलो डेंट कॉर्न के निर्यात में भी तेज वृद्धि दर्ज की गई। वित्त वर्ष 2025-26 में अप्रैल-सितंबर के दौरान इसका निर्यात 97.8 लाख डॉलर था, जो वित्त वर्ष 2026-27 की समान अवधि में बढ़कर 12.282 करोड़ डॉलर हो गया।
इस तेज वृद्धि के पीछे कई एशियाई बाजारों में निर्यात में तेज बढ़ोतरी रही। वियतनाम भारत के येलो डेंट कॉर्न का सबसे बड़ा निर्यात गंतव्य बनकर उभरा। यहां निर्यात 20 हजार डॉलर से बढ़कर 6.994 करोड़ डॉलर हो गया, जो असाधारण वृद्धि को दर्शाता है।
बयान में कहा गया कि यह प्रदर्शन पारंपरिक बाजारों में मजबूत मांग, नए बाजारों में तेजी से बढ़ते निर्यात और भारत के कृषि निर्यात में बढ़ते भौगोलिक विविधीकरण का परिणाम है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
