भारत के रियल एस्टेट सेक्टर में 2026 की पहली तिमाही में डील गतिविधियां सालाना आधार पर 14 प्रतिशत बढ़ीं
नई दिल्ली, 24 अप्रैल (आईएएनएस)। भारत के रियल एस्टेट सेक्टर में वित्त वर्ष 26 की पहली तिमाही में डील की संख्या सालाना आधार पर बढ़कर 32 हो गई है, जो कि पिछले साल समान अवधि में यह संख्या 28 थी। यह जानकारी शुक्रवार को जारी रिपोर्ट में दी गई।
इससे पहले की तिमाही में डील की संख्या 26 थी।
ग्रांट थॉर्नटन भारत की रिपोर्ट में बताया गया कि 2026 की पहली तिमाही में बड़े सौदे नहीं होने पाने के कारण डील की वैल्यू में हल्की नरमी देखने को मिली है और यह मार्च तिमाही में 763 मिलियन डॉलर पर रही है।
रिपोर्ट में बताया गया कि जनवरी से मार्च की अवधि में डील की संख्या में बढ़ोतरी और वैल्यू में कमी आना दिखाता है कि निवेशक छोटे और मध्यम आकार के सौदों की तरफ अधिक आकर्षित हो रहे हैं।
डील की संख्या में विलय और अधिग्रहण सेगमेंट 19 सौदों के साथ शीर्ष पर रहा। हालांकि, बड़े सौदों के न होने के चलते इसकी वैल्यू में तेजी से कम होकर 305 मिलियन डॉलर पर हो गई।
ग्रांट थॉर्नटन भारत के पार्टनर और रियल एस्टेट उद्योग प्रमुख शबाला शिंदे ने कहा, “इस तिमाही में मध्यम आकार की और आय उत्पन्न करने वाली संपत्तियों की ओर स्पष्ट रुझान देखने को मिला, जिसमें घरेलू गतिविधि का दबदबा बना रहा और निजी इक्विटी पूंजी का एक प्रमुख स्रोत बनी रही।"
शिंदे ने आगे कहा, निवेश के रुझानों से वाणिज्यिक संपत्तियों, विशेष रूप से कार्यालय और खुदरा प्लेटफॉर्मों के प्रति मजबूत रुझान का संकेत मिला, जो स्पष्ट यील्ड और स्थिर नकदी प्रवाह द्वारा समर्थित है, जबकि आरईआईटी के नेतृत्व वाले लेनदेन ने उच्च गुणवत्ता वाली, आय उत्पन्न करने वाली संपत्तियों में संस्थागत विश्वास को और मजबूत किया है।
उन्होंने कहा कि कुल मिलाकर, सौदों का माहौल लचीला बना रहा, हालांकि निवेशक अधिक चयनात्मक दृष्टिकोण अपना रहे हैं, और चल रही व्यापक और भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं के बीच संपत्ति-स्तर के प्रदर्शन और निष्पादन की निश्चितता को प्राथमिकता दे रहे हैं।
प्राइवेट इक्विटी और वेंचर कैपिटल गतिविधि में 458 मिलियन डॉलर मूल्य के 13 सौदे दर्ज किए गए, जो पिछले एक वर्ष में सबसे अधिक तिमाही मात्रा है। हालांकि, पिछली तिमाही में हुए किसी बड़े सौदे के अभाव के कारण मूल्यों में क्रमिक रूप से 71 प्रतिशत की गिरावट आई है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   24 April 2026 4:44 PM IST












