जापान टोक्यो के प्राथमिक स्कूल में लगी आग, आठ बच्चों समेत 11 लोग घायल
टोक्यो, 19 जून (आईएएनएस)। जापान की राजधानी टोक्यो में शुक्रवार को एक प्राथमिक स्कूल में आग लगने से आठ बच्चों समेत कुल 11 लोग घायल हो गए। स्थानीय अग्निशमन विभाग के मुताबिक, आग लगने की सूचना सुबह करीब 11 बजे (स्थानीय समयानुसार) मिली।
अधिकारियों के अनुसार, ज्यादातर घायल लोगों को धुएं के कारण सांस लेने में दिक्कत हुई। वहीं, दो छात्रों के हाथ टूट गए और एक महिला का हाथ भी फ्रैक्चर हो गया।
जापान की समाचार एजेंसी क्योडो न्यूज के अनुसार, स्कूल की इमारत में संगीत कक्षा के पास बने एक स्टोररूम में आग लगी थी। आग पर दोपहर करीब 1:45 बजे तक काबू पा लिया गया।
जिस कमरे में आग लगी थी, वहां स्प्रिंकलर सिस्टम नहीं लगा हुआ था। आग लगने के समय कक्षाएं चल रही थीं। अस्पताल ले जाए गए आठ छात्र पांचवीं कक्षा के थे और उस समय संगीत कक्षा में मौजूद थे। वहीं, दमकलकर्मियों ने तीन छात्रों और एक महिला शिक्षिका को सुरक्षित बाहर निकाला।
अधिकारियों ने बताया कि सभी छात्रों को स्कूल के मैदान में सुरक्षित पहुंचा दिया गया। आग लगने के समय कक्षा में मौजूद 11 वर्षीय एक छात्र ने बताया, ''यह बहुत डरावना था।''
इससे पहले फरवरी में जापान के यामागुची प्रांत के एक मंदिर में आग लगने से पांच लोगों की मौत हो गई थी।
स्थानीय अग्निशमन अधिकारियों को एक आपातकालीन कॉल मिली थी, जिसमें बताया गया था कि शिमोनोसेकी शहर में स्थित दो मंजिला लकड़ी के मंदिर में आग लग गई है। मंदिर से जुड़ा एक आवासीय हिस्सा भी था।
आग में मंदिर का मुख्य प्रार्थना हॉल और रहने का हिस्सा समेत तीन इमारतें पूरी तरह नष्ट हो गई थीं। घटनास्थल से पांच लोगों के शव बरामद किए गए थे।
आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए स्थानीय पुलिस और अग्निशमन विभाग ने जांच शुरू कर दी थी।
स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, जनवरी में भी जापान के निगाता प्रांत के निगाता शहर में एक घर में आग लगने से दो लोगों की मौत हो गई थी। आग में घर पूरी तरह जल गया था और लपटें आसपास के कई घरों तक फैल गई थीं। घने धुएं के कारण पास के रेलवे स्टेशन के आसपास भी असर पड़ा था, जिससे कुछ समय के लिए रेल सेवाएं बाधित हो गई थीं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   19 Jun 2026 6:44 PM IST












