भारत-जापान रिश्तों को मजबूत करने पर जोर, कोबायाशी ने भारतीय नेताओं से की मुलाकात

भारत-जापान रिश्तों को मजबूत करने पर जोर, कोबायाशी ने भारतीय नेताओं से की मुलाकात
जापान की सत्तारूढ़ पार्टी लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (एलडीपी) की पॉलिसी रिसर्च काउंसिल के चेयरपर्सन ताकायुकी कोबायाशी ने सोमवार को भारत दौरा खत्म करने से पहले विदेश सचिव विक्रम मिस्री से मुलाकात की।

नई दिल्ली, 4 मई (आईएएनएस)। जापान की सत्तारूढ़ पार्टी लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (एलडीपी) की पॉलिसी रिसर्च काउंसिल के चेयरपर्सन ताकायुकी कोबायाशी ने सोमवार को भारत दौरा खत्म करने से पहले विदेश सचिव विक्रम मिस्री से मुलाकात की।

विदेश मंत्रालय (एमईए) ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म 'एक्‍स' पर बताया कि दोनों पक्षों ने भारत-जापान रिश्तों की रणनीतिक अहमियत को फिर से दोहराया और आपसी हितों वाले क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई।

इससे पहले दिन में वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने जापानी प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक की, जिसमें व्यापार और निवेश संबंधों को मजबूत करने पर बात हुई।

पीयूष गोयल ने 'एक्‍स' पर लिखा, “ताकायुकी कोबायाशी के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात हुई, जो जापान की सत्तारूढ़ पार्टी एलडीपी की पॉलिसी रिसर्च काउंसिल के चेयरपर्सन हैं।”

उन्होंने बताया कि बातचीत में भारत-जापान के आर्थिक रिश्तों को मजबूत करने, एमएसएमई (छोटे और मझोले उद्योगों) के बीच साझेदारी बढ़ाने और ऑटोमोबाइल, इंफ्रास्ट्रक्चर, फार्मा और एडवांस मैन्युफैक्चरिंग जैसे सेक्टर में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई।

गोयल ने यह भी कहा कि भारत से निर्यात बढ़ाने और बाजार तक बेहतर पहुंच बनाने पर भी जोर दिया गया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भारत बिजनेस माहौल को और बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और सीईपीए व इंडो-पैसिफिक के आर्थिक ढांचे के तहत आगे के रास्तों पर भी काम करेगा।

रविवार को बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने भी कोबायाशी ताकायुकी और जापानी प्रतिनिधिमंडल के साथ “अच्छी और उपयोगी” बातचीत की।

इस दौरान दोनों पार्टियों के बीच संवाद बढ़ाने और एक-दूसरे के अनुभवों से सीखने पर जोर दिया गया। नबीन ने भारत-जापान संबंधों को और मजबूत करने की साझा प्रतिबद्धता भी दोहराई।

बैठक के बाद कोबायाशी ने एक्‍स अकाउंट पर लिखा, “जापान और भारत सिर्फ बड़े देश ही नहीं हैं, बल्कि समृद्ध सभ्यताओं और लंबे इतिहास वाले देश हैं। सुरक्षा, आर्थिक और औद्योगिक निवेश और लोगों के बीच संपर्क बढ़ाकर दोनों देशों के रिश्ते मजबूत करना इंडो-पैसिफिक क्षेत्र की स्थिरता और समृद्धि के लिए जरूरी है। इसी दिशा में बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन के साथ हमने पार्टी-टू-पार्टी सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई।”

जब दुनिया में सप्लाई चेन बदल रही हैं और कंपनियां चीन के बाहर निवेश के नए विकल्प ढूंढ रही हैं, ऐसे में भारत एक लंबे समय के लिए मजबूत निवेश गंतव्य बनकर उभरा है। खासकर जापान की मिड-साइज कंपनियां भारतीय एमएमएमईएस के साथ मिलकर अच्छा विकास कर सकती हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   4 May 2026 10:59 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story