कर्नाटक सरकार द्वारा मुफ्त दिए गए इंजेक्शन 6 राज्यों के 15,000 से अधिक मरीजों को ऊंची कीमतों पर बेचे गए

बेंगलुरु, 23 नवंबर (आईएएनएस)। कैंसर की दवाओं के अवैध कारोबार की जांच में खुलासा हुआ है। कथित सरगना आर. प्रशांत बाबू के नेतृत्व में आरोपियों ने कर्नाटक सरकार और निजी कंपनियों की ओर से मुफ्त उपलब्ध कराई जाने वाली कैंसर रोधी दवाओं को ऊंची कीमतों पर बेचकर बड़ा घोटाला किया। पुलिस के अनुसार, इस रैकेट ने आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल, तेलंगाना, तमिलनाडु और हिमाचल प्रदेश के 15,000 से अधिक मरीजों को ठगते हुए उनसे मनमाने दाम वसूले।
यह रैकेट मुख्य रूप से दक्षिण भारत में निजी अस्पतालों और कई दवा दुकानों के जरिए चलाया जा रहा था।
जांचकर्ताओं को पता चला है कि कर्नाटक सरकार और निजी कंपनियों द्वारा मुफ्त में दी जाने वाली दवाओं को कथित तौर पर डायवर्ट कर दिया गया और कैंसर के मरीजों को ऊंची कीमतों पर बेच दिया गया, जिससे आरोपियों ने करोड़ों रुपये कमाए।
जांच के अनुसार, आरोपियों ने एक ऐसी योजना का फायदा उठाया, जिसके तहत लगभग 5 लाख रुपये कीमत वाले दो कैंसर इंजेक्शन खरीदने वाले मरीजों को एक अतिरिक्त डोज मुफ्त में मिलनी थी। लेकिन, आरोपियों ने कथित तौर पर इस फायदे को छिपा लिया और मुफ्त मिलने वाले इंजेक्शन को भी मरीजों को उनकी असली बाजार कीमत पर बेच दिया।
जांच में यह भी सामने आया है कि अगर कोई मरीज दवाओं का इस्तेमाल करने से पहले ही गुजर जाता था, तो आरोपी उन बची हुई दवाओं को सस्ते दाम पर वापस खरीद लेते थे और फिर उन्हें दूसरे मरीजों को उनकी असली कीमत पर बेच देते थे।
इस रैकेट की जांच कर रही स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम अब यह पता लगाने पर ध्यान दे रही है कि कुल कितने कैंसर इंजेक्शन अवैध रूप से डायवर्ट किए गए और बेचे गए। साथ ही, वे यह भी पता लगा रहे हैं कि इससे कितने मरीज प्रभावित हुए और इसमें कितने पैसों का लेन-देन हुआ।
जांचकर्ता इस रैकेट के हर पहलू को खंगाल रहे हैं, जिसमें सप्लाई चेन, निजी अस्पतालों और दवा कंपनियों की भूमिका और इस अवैध कारोबार का दायरा शामिल है। शुरुआती जांच से पता चलता है कि इस नेटवर्क के जरिए 15,000 से ज्यादा मरीजों को दवाएं दी गई होंगी।
इस बीच, एक और घटनाक्रम में दिल्ली पुलिस ने इस रैकेट के कथित सरगना प्रशांत बाबू को हिरासत में ले लिया है। यह कार्रवाई राष्ट्रीय राजधानी के मोती बाग पुलिस स्टेशन में दर्ज धोखाधड़ी के एक अलग मामले के सिलसिले में की गई है।
सूत्रों के अनुसार, दिल्ली पुलिस ने प्रशांत बाबू के खिलाफ एक एफआईआर दर्ज की थी। आरोप है कि उसने दवाएं उपलब्ध कराने का वादा करके एक व्यक्ति से 2 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की थी। मामला दर्ज होने के बाद, पुलिस उसे खोजने और गिरफ्तार करने की कोशिश कर रही थी।
हालांकि, जब कर्नाटक की एसआईटी ने उसे नकली दवाओं के रैकेट के सिलसिले में गिरफ्तार किया, तो दिल्ली पुलिस ने अदालत का दरवाजा खटखटाया और उसकी कस्टडी मांगी। अदालत में याचिका दायर होने के बाद, उसे 'बॉडी वारंट' के जरिए हिरासत में ले लिया गया।
इस नए घटनाक्रम ने प्रशांत बाबू की गतिविधियों के एक और पहलू को जांच के दायरे में ला दिया है। वहीं, कर्नाटक की एसआईटी कैंसर दवाओं के रैकेट और मरीजों के बड़े पैमाने पर कथित शोषण की अपनी जांच जारी रखे हुए है। गौरतलब है कि 18 अगस्त 2026 को बिदादी में एक बिना लाइसेंस वाली जगह पर छापेमारी की गई थी। यहां से लगभग 5 करोड़ रुपये की ऐसी दवाएं जब्त की गईं, जिनकी एक्सपायरी डेट निकल चुकी थी। इन दवाओं को फिर से पैक किया गया था और इन पर नकली लेबल लगे हुए थे। इस मामले में एसआईटी ने सितंबर 2026 के आखिर में बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से आरोपी आर. प्रशांत को गिरफ्तार किया। इससे पहले उसके साथी वीरेश कुमार जैन को भी गिरफ्तार किया जा चुका था। अधिकारियों ने कई फार्मेसियों और कंपनियों के लाइसेंस भी रद्द या सस्पेंड कर दिए हैं।
पुलिस ने शहर में ड्रग सप्लायर्स और बेचने वालों के खिलाफ कई अभियान चलाए हैं। इनमें जनवरी 2026 में अमृतहल्ली पुलिस की एक कार्रवाई भी शामिल है, जिसमें अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी गिरोह के 10 सदस्यों को गिरफ्तार किया गया और लगभग 4 करोड़ रुपये की नशीली दवाएं जब्त की गईं। इसके अलावा, पूरे शहर में नशीली दवाओं के कारोबारियों और विदेशी सप्लायर्स को निशाना बनाते हुए कई अन्य बड़ी कार्रवाइयां भी की गई हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
