बंगाल में 60 हजार करोड़ रुपए की 33 नई औद्योगिक परियोजनाओं के लिए जमीन आवंटित सीएम सुवेंदु अधिकारी
कोलकाता, 25 सितंबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को कहा कि राज्य सरकार ने 33 औद्योगिक परियोजनाओं के लिए जमीन आवंटन की प्रक्रिया पूरी कर ली है। इन परियोजनाओं में कुल करीब 60 हजार करोड़ रुपए का निवेश प्रस्तावित है।
मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने गुरुवार को हुई प्रशासनिक समीक्षा बैठक के बाद पूर्व बर्धमान जिले के बर्धमान में एक जनसभा को संबोधित करते हुए यह जानकारी दी।
अधिकारी ने कहा, ''33 औद्योगिक इकाइयों को जमीन आवंटन से जुड़े दस्तावेज सौंपने की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। हमारे अनुमान के अनुसार इन परियोजनाओं में करीब 60 हजार करोड़ रुपए का निवेश प्रस्तावित है। इससे लगभग 62 हजार लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलने की संभावना है।''
उन्होंने बताया कि इन परियोजनाओं में सेमीकंडक्टर, रक्षा, सौर ऊर्जा, इलेक्ट्रिक वाहन, फार्मास्यूटिकल्स, स्टील, फूड प्रोसेसिंग, टेक्सटाइल, इंजीनियरिंग और एमएसएमई से जुड़े प्रोजेक्ट शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार यह भी सुनिश्चित कर रही है कि जमीन आवंटित होने के बाद परियोजनाओं का काम रुके नहीं। इसके लिए निर्धारित समय के भीतर काम शुरू करने की शर्त रखी गई है।
प्रशासनिक समीक्षा बैठक में अधिकारी ने राज्य के करीब चार लाख किसानों के लिए बिजली पर प्रति यूनिट दो रुपए की सब्सिडी देने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि पीएम-किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को मिलने वाली सहायता छह हजार रुपए से बढ़ाकर नौ हजार रुपए की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि किसान जितना धान बेचना चाहेंगे, सरकार उसकी खरीद करेगी और 2,700 रुपए प्रति क्विंटल का न्यूनतम समर्थन मूल्य सुनिश्चित किया जाएगा।
भ्रष्टाचार को लेकर चेतावनी देते हुए अधिकारी ने कहा, ''इस तरह के भ्रष्टाचार में शामिल हर व्यक्ति का पता लगाया जाएगा, उनसे पैसा वसूला जाएगा और उन्हें जेल भेजा जाएगा।''
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   25 Sept 2026 11:26 PM IST












