सरकार की जमाखोरी और ब्लैक मार्केटिंग पर कार्रवाई के बीच एलपीजी की बुकिंग में आई गिरावट
नई दिल्ली, 16 मार्च (आईएएनएस)। एलपीजी की उपलब्धता को लेकर लोगों के बीच आशंका कम होने और सरकारों द्वारा राज्यों में जमाखोरी एवं ब्लैक मार्केटिंग के खिलाफ अभियान चलाए जाने के चलते एलपीजी सिलेंडर बुकिंग की संख्या में गिरावट देखने को मिली है। यह जानकारी सोमवार को जारी किए गए एक आधिकारिक बयान में दी गई।
पीआईबी इंडिया ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर पोस्ट किया किया कि 14 मार्च को 77 लाख एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग हुई, यह आंकड़ा 13 मार्च को 88.8 लाख पर था।
पोस्ट में आगे कहा गया,"एलपीजी सिलेंडर बुकिंग में ऑनलाइन की हिस्सेदारी बढ़कर 87 प्रतिशत हो गई है। यह आंकड़ा पहले 84 प्रतिशत था। साथ ही, किसी भी एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर गैस के समाप्त होने की कोई रिपोर्ट नहीं मिली है।"
एलपीजी जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए राज्यों भर में छापेमारी की जा रही है और 22 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में स्थिति पर नजर रखने के लिए नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं।
बयान में उपभोक्ताओं से अनुरोध किया गया है कि वे घबराकर बुकिंग न करें, डिजिटल बुकिंग प्लेटफॉर्म का उपयोग करें और एलपीजी वितरकों के पास अनावश्यक रूप से जाने से बचें।
इस बीच, पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि सरकार घरेलू उपभोक्ताओं के हितों को प्राथमिकता देना जारी रखे हुए है और एलपीजी की निर्बाध आपूर्ति विशेष रूप से घरों और अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों जैसे प्राथमिकता वाले क्षेत्रों के लिए सुनिश्चित कर रही है।
एलपीजी की मांग को पूरा करने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है।
भारतीय ध्वज वाले दो एलपीजी वाहक जहाज, शिवालिक और नंदा देवी, जिनमें लगभग 92,712 मीट्रिक टन एलपीजी भरी हुई है, शनिवार को होर्मुज जलडमरूमध्य पार कर चुके हैं और वर्तमान में भारत की ओर रवाना हैं। इनके सोमवार को मुंद्रा बंदरगाह और मंगलवार को कांडला बंदरगाह पहुंचने वाले हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   16 March 2026 3:58 PM IST











