नतीजों से पहले ममता बनर्जी घबराई हुई हैं भाजपा

नतीजों से पहले ममता बनर्जी घबराई हुई हैं भाजपा
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों से पहले मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के स्ट्रॉन्ग रूम दौरे को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने उन पर तीखा हमला बोला है। भाजपा नेताओं ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि ममता बनर्जी हार की आशंका से घबराई हुई हैं और अब बहाने तलाश रही हैं।

नई दिल्ली, 1 मई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों से पहले मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के स्ट्रॉन्ग रूम दौरे को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने उन पर तीखा हमला बोला है। भाजपा नेताओं ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि ममता बनर्जी हार की आशंका से घबराई हुई हैं और अब बहाने तलाश रही हैं।

दरअसल, गुरुवार देर रात ममता बनर्जी दक्षिण कोलकाता के भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के सखावत मेमोरियल गवर्नमेंट गर्ल्स हाई स्कूल पहुंचीं, जहां ईवीएम रखी गई हैं। उन्होंने वहां ईवीएम में छेड़छाड़ की आशंका जताई और आधी रात तक परिसर में मौजूद रहीं।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस हार के डर से बौखलाई हुई है। उन्होंने कहा, “घबराहट और भ्रम की स्थिति में वे स्ट्रॉन्ग रूम जा रहे हैं। जनता अपना फैसला दे चुकी है। भाजपा पूरी ताकत के साथ सत्ता में आने जा रही है।”

उन्होंने दावा किया कि एग्जिट पोल में भी भाजपा को बढ़त दिखाई गई है। साथ ही कहा कि तृणमूल कांग्रेस हार का ठीकरा चुनाव आयोग पर फोड़ने के लिए बहाना ढूंढ रही है।

भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी ने “ट्रिपल डी” रणनीति अपनाई है- डिनायल, डायवर्जन और ड्रामा। उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल नेता लोगों को धमका रहे हैं और संवैधानिक संस्थाओं, खासकर चुनाव आयोग, का अपमान कर रहे हैं।

पूनावाला ने तृणमूल सांसद कल्याण बनर्जी के एक वायरल वीडियो का जिक्र करते हुए कहा कि इससे साफ है कि तृणमूल की विदाई तय है।

बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने ममता बनर्जी के दौरे को उनकी “हताशा” बताया। उन्होंने कहा, “ऐसा लग रहा है कि वह भवानीपुर से भी हार रही हैं। उनकी गतिविधियां कानून के दायरे में भी सही नहीं हैं। उनके चेहरे पर घबराहट साफ दिखाई दे रही है।”

उन्होंने कहा कि अधिकांश एग्जिट पोल भाजपा को बढ़त दे रहे हैं, इसलिए ममता बनर्जी और ज्यादा परेशान हैं।

भाजपा नेता दिलीप घोष ने कहा कि हारने वाले पक्ष के पास अब कोई और बहाना नहीं बचा है। उन्होंने कहा, “15 साल सत्ता में रहने के बाद अगर कोई पार्टी अब एसआईआर और स्ट्रॉन्ग रूम पर राजनीति कर रही है, तो इसका मतलब है कि उसने हार स्वीकार कर ली है।”

भाजपा सांसद संजय जायसवाल ने भी ममता बनर्जी पर हमला बोलते हुए कहा कि जनता ने उन्हें बंगाल से बाहर का रास्ता दिखा दिया है, इसलिए अब वह ईवीएम पर सवाल उठा रही हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   1 May 2026 3:52 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story