मेक्सिको-अमेरिका व्यापार वार्ता में हो रही प्रगति राष्ट्रपति शिनबाम
मेक्सिको सिटी, 19 सितंबर (आईएएनएस)। मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शिनबाम ने कहा कि उन्होंने बुधवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से फोन पर बात की। इस बातचीत में यूनाइटेड स्टेट्स-मेक्सिको-कनाडा एग्रीमेंट (यूएसएमसीए) से जुड़ी द्विपक्षीय व्यापार वार्ता में हुई प्रगति पर चर्चा की गई।
सिंहुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, दैनिक प्रेस कॉन्फ्रेंस में शिनबाम ने कहा कि बातचीत द्विपक्षीय संबंधों और दोनों देशों के बीच व्यापार के लिए बेहतर वित्तीय निश्चितता लाने के मकसद से की गई थी।
शिनबाम ने कहा, "हम ट्रेड के मुद्दों पर प्रगति कर रहे हैं। मेक्सिको-अमेरिका समझौते तक पहुंचने की संभावना अच्छी तरह से आगे बढ़ रही है और ट्रंप के साथ हुई बातचीत बहुत सकारात्मक थी।"
शिनबाम ने कहा कि दोनों पक्षों के बीच कुछ समझौते हुए हैं, लेकिन अंतिम समझौता होने तक विवरण जारी नहीं किया जाएगा।
यूएसएमसीए की अगली समीक्षा बैठकें 28 और 29 सितंबर को वाशिंगटन में होनी हैं।
इस महीने की शुरुआत में, राष्ट्रपति शिनबाम ने देश की संप्रभुता, सम्मान और स्वतंत्रता की रक्षा करने का संकल्प लिया था।
नेशनल पैलेस में अपने दूसरे 'स्टेट ऑफ द यूनियन' संबोधन के दौरान शिनबाम ने कहा था, "मेक्सिको में, हम सभी देशों के साथ सहयोग, बातचीत और समझ चाहते हैं, लेकिन सहयोग का मतलब झुकना नहीं है, और दोस्ती का मतलब अपने सिद्धांतों को छोड़ना नहीं है।"
उन्होंने कहा, "और जब तक मुझे गणराज्य की राष्ट्रपति के रूप में सेवा करने का सम्मान प्राप्त है, मैं अपनी संप्रभुता, अपने सम्मान और अपनी स्वतंत्रता की दृढ़ता से रक्षा करती रहूंगी।"
शिनबाम ने मेक्सिको-अमेरिका के संबंधों में आ रही "मुश्किलों" को स्वीकार किया, खासकर उन मुश्किलों को जो प्रवासियों के साथ अमेरिका के खराब आचरण से पैदा हुई हैं।
उन्होंने बताया कि अमेरिकी आव्रजन हिरासत केंद्रों में 17 मेक्सिकन नागरिकों की मौत हो चुकी है और पूरे अमेरिका में आव्रजन छापों में कई अन्य लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मेक्सिको सरकार ने शिकायतें दर्ज कराई हैं और प्रवासियों के अधिकारों के सम्मान की मांग की है।
शिनबाम के अनुसार, वाशिंगटन द्वारा बड़े पैमाने पर लोगों को वापस भेजे जाने (डिपॉर्टेशन) के जवाब में, उनकी सरकार ने "मेक्सिको ते अब्राजा" ("मेक्सिको आपको गले लगाता है") कार्यक्रम शुरू किया है। इस कार्यक्रम ने वापस भेजे गए या स्वदेश लौटे 2,81,000 से अधिक मेक्सिकन नागरिकों की मदद की है; उन्हें भोजन के अलावा परिवहन, चिकित्सा और मनोवैज्ञानिक सुविधा तथा पहचान दस्तावेज उपलब्ध कराए हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   19 Sept 2026 1:43 PM IST












