मध्य प्रदेश के बालाघाट में जहरीली गैस ने ली दो किसानों की जान

मध्य प्रदेश के बालाघाट में जहरीली गैस ने ली दो किसानों की जान
मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में जहरीली गैस की चपेट में आने से दो किसानों की मौत हो गई। हादसा गुरुवार शाम किरनापुर थाना क्षेत्र के पिपरटोला गांव में हुआ।

बालाघाट, 10 जुलाई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में जहरीली गैस की चपेट में आने से दो किसानों की मौत हो गई। हादसा गुरुवार शाम किरनापुर थाना क्षेत्र के पिपरटोला गांव में हुआ।

पुलिस के अनुसार, 45 वर्षीय महेश चौधरी अपने दोस्त युवराज बिसेन के घर के पीछे स्थित करीब 50 फीट गहरे कुएं में मोटर पंप ठीक करने के लिए उतरे थे। कुएं के अंदर पहुंचते ही ऑक्सीजन की कमी और जहरीली गैस के कारण उनकी तबीयत बिगड़ गई जिसकी वजह से बेहोश होकर गिर पड़े।

इस दौरान महेश को बचाने के लिए युवराज बिसेन भी कुएं में उतर गए, लेकिन वे भी जहरीली गैस की चपेट में आ गए। मदद पहुंचने से पहले ही दोनों की कुएं के अंदर मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही किरनापुर पुलिस मौके पर पहुंची। कुएं में जहरीली गैस होने की आशंका को देखते हुए बालाघाट से राज्य आपदा आपातकालीन प्रतिक्रिया बल की टीम को बुलाया गया।

राज्य आपदा आपातकालीन प्रतिक्रिया बल के करण सिंह वाल्के ने ऑक्सीजन सिलेंडर और सुरक्षा मास्क पहनकर कुएं में उतरे और करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद रस्सियों की मदद से दोनों शवों को बाहर निकाला। शवों को रात करीब 10 बजे से 10:30 बजे के बीच बाहर निकाला गया।

किरनापुर थाना प्रभारी राजकुमार चौधरी ने बताया कि पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।

बालाघाट जिले में करीब दो सप्ताह के भीतर कुएं में जहरीली गैस से मौत की यह तीसरी घटना है। इससे पहले 25 जून को सितकुटोला गांव में एक 50 वर्षीय व्यक्ति की कुएं में जहरीली गैस की चपेट में आने से मौत हुई थी। वहीं, 8 जुलाई को मरारीटोला गांव में भी इसी तरह एक व्यक्ति की जान चली गई थी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   10 July 2026 2:34 PM IST

Tags

Next Story