फिल्म रिव्यू यामी गौतम की 'नई नवेली' में कॉमेडी, मिस्ट्री और एक्शन का तड़का, क्लाइमैक्स कर देगा हैरान
स्टार रेटिंग: 4/5
फिल्ममेकर आनंद एल राय और डायरेक्टर बालाजी मोहन की फिल्म 'नई नवेली' फैंटेसी, कॉमेडी और पारिवारिक मनोरंजन का एक ताजा अनुभव लेकर आई है।
यामी गौतम धर की मुख्य भूमिका वाली यह फिल्म पारिवारिक उलझनों, हंसी-मजाक, रहस्य और एक्शन को एक साथ जोड़ती है। इसकी कहानी आम फिल्मों से अलग है। इसमें त्योहार के मौके पर पूरे परिवार के साथ देखने लायक मनोरंजन मौजूद है।
फिल्म की कहानी मोहिनी (यामी गौतम धर) के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक ऐसी नई दुल्हन है, जिसे देखकर लगता है कि वह बिल्कुल परफेक्ट है। लेकिन, मेरठ के अव्यवस्थित और हलचल से भरे अवस्थी परिवार में उसके आने के बाद सब कुछ बदलने लगता है। परिवार में चल रही उथल-पुथल के बीच मोहिनी का अलग अंदाज सबका ध्यान खींचता है।
कहानी में नया मोड़ तब आता है, जब उसका देवर बंटू (अनुराग ठाकुर) यह शक करने लगता है कि मोहिनी जैसी दिखाई देती है, असल में वह वैसी है नहीं। इसके बाद शुरू होता है एक ऐसा रोमांचक सफर, जिसमें रहस्य, मजेदार घटनाएं और कई अप्रत्याशित मोड़ देखने को मिलते हैं। फिल्म का क्लाइमैक्स भी दर्शकों को रोमांचित करने वाले सरप्राइज देता है।
यामी गौतम धर फिल्म की सबसे बड़ी ताकत हैं। वह अपने किरदार मोहिनी में आकर्षण, शरारत और एक्शन का ऐसा मेल लेकर आती हैं, जो सहज लगता है। अनुराग ठाकुर ने बंटू के किरदार में अच्छी एनर्जी दिखाई है। उनके किरदार में शरारत और उत्सुकता है, जो कहानी को आगे बढ़ाने में मदद करती है। वहीं, राजा के किरदार में अदिनाथ एम. कोठारे भी प्रभावित करते हैं। राजा, मोहिनी का पति है और उसके किरदार में भी कई ऐसे पहलू हैं, जो कहानी को दिलचस्प बनाते हैं। उनका अभिनय भी फिल्म में एक रोमांचक एंगल जोड़ता है।
फिल्म के बाकी कलाकार भी कहानी को मजबूती देते हैं। सुनीता राजवर, मीता वशिष्ठ और सुष्मिता मुखर्जी जैसे कलाकार परिवार के माहौल में गर्मजोशी और हास्य लेकर आते हैं।
फिल्म में संगीत की बात करें तो जी. वी. प्रकाश कुमार का साउंडट्रैक कहानी के मूड के साथ अच्छी तरह मेल खाता है। 'वर्ल्ड ऑफ नई नवेली' थीम फिल्म की फैंटेसी वाली दुनिया का माहौल तैयार करती है। वहीं, 'भाभी तबाही' एक जोशीला गाना है, जिसमें यामी गौतम अपने अंदाज से स्क्रीन पर छा जाती हैं। संगीत फिल्म के मनोरंजन को और बढ़ाता है।
आनंद एल राय ने एक ऐसी कहानी को समर्थन दिया, जो फैंटेसी को पारिवारिक मनोरंजन के साथ जोड़ती है। फिल्म का कॉन्सेप्ट काफी अलग है। डायरेक्टर बालाजी मोहन ने हिंदी सिनेमा में अपने निर्देशन की शुरुआत एक दिलचस्प फिल्म के साथ की है। उन्होंने कहानी की अजीबोगरीब और मजेदार दुनिया को बड़े सीन्स और त्योहार के माहौल के साथ पेश किया है।
'नई नवेली' एक ऐसी फैंटेसी फैमिली एंटरटेनर है, जिसमें यामी गौतम का दमदार अभिनय, मजेदार कहानी, थिरकने पर मजबूर करने वाला संगीत और रोमांचक क्लाइमैक्स देखने को मिलता है। फिल्म की सबसे बड़ी खूबी यह है कि यह पारिवारिक मनोरंजन के साथ रहस्य और एक्शन का भी अच्छा संतुलन बनाती है। अगर आप दशहरे पर परिवार के साथ कुछ मजेदार और रोमांच से भरा देखना चाहते हैं, तो यह फिल्म आपके लिए अच्छा विकल्प हो सकती है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   16 Oct 2026 1:26 PM IST












