एनसीबी के नए ऑपरेशन में ऑनलाइन नशीले पदार्थों की तस्करी के 122 मामले सामने आए
नई दिल्ली, 26 अप्रैल (आईएएनएस)। ऑनलाइन नशीले पदार्थों की तस्करी के बढ़ते खतरे से निपटने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने 'ऑपरेशन डब्ल्यूआईपीई' (वेब-आधारित अवैध गतिविधियों की रोकथाम और प्रवर्तन) शुरू किया है और उल्लंघन के 122 मामलों की पहचान की है, एक अधिकारी ने रविवार को बताया।
एक अधिकारी ने एक बयान में कहा कि इस ऑपरेशन का मकसद एनडीपीएस एक्ट के तहत रेगुलेटेड फार्मास्यूटिकल दवाओं की गैर-कानूनी बिक्री और वितरण के लिए ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के गलत इस्तेमाल को रोकना है।
इस पहल के तहत, एनसीबी ने 122 ऐसे मामले पहचाने हैं जिनमें 62 पदार्थ शामिल हैं; इनमें क्लोनाजेपन, डायजेपम और फेंटानिल जैसी आम तौर पर गलत इस्तेमाल होने वाली दवाएं भी शामिल हैं।
इनमें से 58 पदार्थ एनडीपीएस एक्ट के दायरे में आते हैं, जबकि चार को 'कंट्रोल्ड सब्सटेंस' (नियंत्रित पदार्थ) के तौर पर वर्गीकृत किया गया है।
एनसीबी ने संबंधित ऑनलाइन प्लेटफॉर्म को औपचारिक नोटिस जारी किए हैं, और उन्हें अपनी सेवाओं के गलत इस्तेमाल को रोकने के लिए तुरंत कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
एनडीपीएस के तहत रेगुलेटेड पदार्थों की एक पूरी लिस्ट भी साझा की गई है, ताकि ऐसी लिस्टिंग को पहले से ही पहचाना जा सके और हटाया जा सके।
एनसीबी ने कहा, "जांच के बाद, इंडिया मार्ट, ट्रेडइंडिया और डॉयल4इंडिया जैसे प्लेटफॉर्म ने सुधारात्मक कदम उठाए हैं, जिनमें फ्लैग किए गए उत्पादों को हटाना और संदिग्ध विक्रेताओं को सस्पेंड करना शामिल है।"
आधिकारिक बयान में कहा गया है कि एनसीबी की तकनीकी टीमें उभरते खतरों की पहचान करने और समय पर हस्तक्षेप सुनिश्चित करने के लिए, एडवांस्ड टूल्स और अंतरराष्ट्रीय खुफिया इनपुट का इस्तेमाल करके 'सरफेस वेब' (आम इंटरनेट) पर लगातार नजर रख रही हैं।
एनसीबी ने कहा, "ऑपरेशन डब्ल्यीआईपीई, 'प्रतिक्रियात्मक कार्रवाई' से हटकर 'सक्रिय रोकथाम' की ओर एक रणनीतिक बदलाव का प्रतीक है; इसमें गैर-कानूनी लिस्टिंग का पता लगाकर उन्हें तब हटाया जाता है, जब वे असल में तस्करी का रूप लेने वाली होती हैं। यह तरीका भारत की उस क्षमता को मजबूत करता है, जिससे वह भौतिक और डिजिटल, दोनों ही क्षेत्रों में सक्रिय ड्रग नेटवर्क का मुकाबला कर सके।"
बयान में आगे कहा गया, "यह पहल जुलाई 2025 में 'ऑपरेशन एमईडी-मैक्स' के तहत की गई पिछली बड़ी कार्रवाई की सफलता पर आधारित है। उस कार्रवाई में, एनसीबी ने यूएस डीईए (ड्रग एनफोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन), एएफपी (ऑस्ट्रेलियन फेडरल पुलिस) और अन्य विदेशी ड्रग कानून प्रवर्तन एजेंसियों की मदद से, एशिया, उत्तरी अमेरिका, यूरोप और ऑस्ट्रेलिया में सक्रिय एक बेहद ही हाई-टेक और अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया था।"
यह ऑपरेशन यूएस डीईए और एनसीबी इंडिया द्वारा संयुक्त रूप से तैयार किए गए इनपुट के आधार पर चलाया गया था।
यह मामला, जिसकी शुरुआत भारत में 3.7 किलोग्राम ट्रामाडोल टैबलेट की जब्ती से हुई थी, एक ऐसे संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश करता है जिसने अपने गैर-कानूनी धंधे को चलाने के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म का गलत इस्तेमाल किया।
एनसीबी ने आगे कहा, "जांच में पता चला कि यह सिंडिकेट कर्नाटक के उडुपी में एक कॉल सेंटर चलाता था, जिसके ज़रिए एक प्रमुख ऑनलाइन बी2बी प्लेटफॉर्म के माध्यम से दुनिया भर के ऑर्डर लिए जाते थे। एनडीपीएस एक्ट के तहत रेगुलेटेड फार्मास्यूटिकल दवाओं को ऑनलाइन लिस्ट किया जाता था, और ग्राहकों से सीधे संपर्क करके बिना किसी वैध दस्तावेज के उन्हें दवाओं की सप्लाई की जाती थी।"
इसमें कहा गया, "भुगतान क्रिप्टोकरेंसी, पेपॉल और अन्य रेमिटेंस चैनलों के जरिए किए गए, जबकि अंतिम-मील डिलीवरी के लिए अंतरराष्ट्रीय री-शिपर्स का इस्तेमाल किया गया। वैश्विक भागीदारों के साथ समन्वित प्रयासों के परिणामस्वरूप कई गिरफ्तारियां हुईं, यूएई में बैठे सरगना की पहचान हुई, और विदेशों में प्रवर्तन कार्रवाई की गई, जिसमें जब्ती और गुप्त ठिकानों को नष्ट करना शामिल है।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   26 April 2026 8:39 PM IST












