'बबीता सिंह रिपोर्टिंग' ने बदल दी निमिषा सजयन की सोच, बताया क्यों खास है 'बेबी' का किरदार

बबीता सिंह रिपोर्टिंग ने बदल दी निमिषा सजयन की सोच, बताया क्यों खास है बेबी का किरदार
अभिनेत्री निमिषा सजयन जल्द ही फिल्म 'बबीता सिंह रिपोर्टिंग' में एक बिल्कुल अलग अंदाज में नजर आने वाली हैं। फिल्म में वह एक युवा पुलिस अधिकारी बबीता सिंह उर्फ बेबी का किरदार निभा रही हैं। अपने किरदार को लेकर अभिनेत्री का कहना है कि बेबी का किरदार उनके साथ लंबे समय तक रहेगा और इसने उन्हें एक इंसान के तौर पर भी काफी प्रभावित किया है।

मुंबई, 21 अगस्त (आईएएनएस)। अभिनेत्री निमिषा सजयन जल्द ही फिल्म 'बबीता सिंह रिपोर्टिंग' में एक बिल्कुल अलग अंदाज में नजर आने वाली हैं। फिल्म में वह एक युवा पुलिस अधिकारी बबीता सिंह उर्फ बेबी का किरदार निभा रही हैं। अपने किरदार को लेकर अभिनेत्री का कहना है कि बेबी का किरदार उनके साथ लंबे समय तक रहेगा और इसने उन्हें एक इंसान के तौर पर भी काफी प्रभावित किया है।

अपने किरदार के बारे में बात करते हुए निमिषा ने कहा, "बेबी का रोल मेरे लिए सिर्फ एक अभिनय का अनुभव नहीं रहा, बल्कि इस किरदार ने मुझे अपनी निजी जिंदगी और रिश्तों को भी नए नजरिए से देखने के लिए मजबूर किया। बेबी उन किरदारों में से एक है, जो मेरे साथ लंबे समय तक रहने वाला है और एक इंसान के तौर पर बदलने में उसकी भूमिका रही है।"

निमिषा ने कहा, ''इस किरदार को निभाते हुए मैंने अपने अंदर झांकने की कोशिश की। मैंने अपने रिश्तों के बारे में दोबारा सोचा कि वह उनमें किस तरह अपनी मौजूदगी दर्ज कराती हूं, उनसे क्या उम्मीद रखती है और कई बार बिना महसूस किए किस तरह खुद को परिस्थितियों के हिसाब से ढाल लेती है। यही निजी जुड़ाव बेबी के किरदार को मेरे लिए सबसे खास और यादगार बनाता है। यह उन जरूरी किरदारों में से एक है, जिसे मैंने अब तक निभाया है और मुझे लगता है कि मैं बेबी को लंबे समय तक अपने साथ लेकर चलूंगी।''

निमिषा ने आगे कहा, ''मैं दर्शकों के सामने इस किरदार को लाने और उन्हें 'बबीता सिंह रिपोर्टिंग' की कहानी दिखाने को लेकर काफी उत्साहित हूं। मैं चाहती हूं कि दर्शक इस किरदार को समझें और उसकी कहानी से जुड़ सकें।''

फिल्म की निर्देशक अंबिका पंडित ने कहा, ''यह कहानी सिर्फ एक हत्या की जांच तक सीमित नहीं है। जांच के दौरान कहानी धीरे-धीरे कई और परतें खोलती है। फिल्म में रहस्य और भावनाओं को साथ लेकर चलने की कोशिश की गई है, ताकि कहानी दिलचस्प भी रहे और जमीन से जुड़ी हुई भी लगे।''

अंबिका ने कहा, ''फिल्म में उन परेशानियों को दिखाया गया है, जिनका सामना कई महिलाएं अपनी जिंदगी में करती हैं। कई बार उनकी भावनाओं को गंभीरता से नहीं लिया जाता, उन्हें लगातार समझौते करने पड़ते हैं और अपनी बात रखने के लिए उन्हें संघर्ष करना पड़ता है। हालांकि, फिल्म केवल इन मुद्दों पर आधारित गंभीर कहानी नहीं है, बल्कि इसमें जांच, रहस्य, पारिवारिक रिश्ते और कई परतों वाले किरदार भी देखने को मिलेंगे।''

शुक्रवार को फिल्म के निर्माताओं ने सोशल मीडिया पर इसका ट्रेलर भी जारी किया। ट्रेलर में निमिषा युवा पुलिस अधिकारी बेबी के रोल में नजर आती हैं। उनकी जिंदगी तब अचानक बदल जाती है, जब उनके बचपन के दोस्त बंसी की हत्या हो जाती है। बंसी का किरदार बरुण सोबती ने निभाया है।

दोस्त की मौत के बाद बेबी खुद इस मामले की जांच में जुट जाती हैं। वह अलग-अलग सुरागों को जोड़ते हुए आगे बढ़ती हैं। लेकिन जैसे-जैसे जांच आगे जाती है, उन्हें ऐसे राजों का पता चलता है, जिनकी उन्होंने शायद कल्पना भी नहीं की थी। ट्रेलर इसी रहस्य और बेबी की जांच के सफर की झलक दिखाता है।

फिल्म में निमिषा सजयन और बरुण सोबती के अलावा अंशुमान पुष्कर भी अहम भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन अंबिका पंडित ने किया है, जबकि इसकी कहानी और पटकथा अमित व्यास ने लिखी है। फिल्म के एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर सुदीप शर्मा हैं। इसके निर्माता सौरभ मल्होत्रा, मनुज मित्तरा और टीना थरवानी हैं।

फिल्म स्क्वॉड प्रोडक्शंस ने एक्ट थ्री के साथ मिलकर इस फिल्म का निर्माण किया है। 'बबीता सिंह रिपोर्टिंग' 28 अगस्त को प्राइम वीडियो पर रिलीज होगी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   21 Aug 2026 12:15 PM IST

Tags

Next Story