'बेबी डॉल' में दिखेगा संघर्ष और सपनों का सफर, नियति फतनानी बोलीं-मनोरंजन की दुनिया का भविष्य है माइक्रो-ड्रामा

बेबी डॉल में दिखेगा संघर्ष और सपनों का सफर, नियति फतनानी बोलीं-मनोरंजन की दुनिया का भविष्य है माइक्रो-ड्रामा
मनोरंजन की दुनिया लगातार बदल रही है। जहां कभी लंबे टीवी शोज और दो से तीन घंटे की फिल्में दर्शकों की पहली पसंद हुआ करती थीं, वहीं अब डिजिटल दौर में कंटेंट देखने का तरीका तेजी से बदल रहा है। आज की पीढ़ी कम समय में ज्यादा मनोरंजन चाहती है और यही वजह है कि छोटे वीडियो, वेब सीरीज और माइक्रो-ड्रामा जैसे नए फॉर्मेट तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं। इसी बदलते दौर के बीच अभिनेत्री नियति फतनानी अपने नए माइक्रो-ड्रामा शो 'बेबी डॉल' को लेकर चर्चा में हैं।

मुंबई, 2 जून (आईएएनएस)। मनोरंजन की दुनिया लगातार बदल रही है। जहां कभी लंबे टीवी शोज और दो से तीन घंटे की फिल्में दर्शकों की पहली पसंद हुआ करती थीं, वहीं अब डिजिटल दौर में कंटेंट देखने का तरीका तेजी से बदल रहा है। आज की पीढ़ी कम समय में ज्यादा मनोरंजन चाहती है और यही वजह है कि छोटे वीडियो, वेब सीरीज और माइक्रो-ड्रामा जैसे नए फॉर्मेट तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं। इसी बदलते दौर के बीच अभिनेत्री नियति फतनानी अपने नए माइक्रो-ड्रामा शो 'बेबी डॉल' को लेकर चर्चा में हैं।

आईएएनएस को दिए इंटरव्यू में उन्होंने इस नए फॉर्मेट में काम करने के अनुभव, अपने किरदार और मनोरंजन उद्योग के भविष्य को लेकर खुलकर बात की।

नियति फतनानी ने कहा, ''माइक्रो-ड्रामा में काम करना टेलीविजन शोज से काफी अलग अनुभव है। आज के समय में कलाकारों के लिए जरूरी है कि वे बदलते ट्रेंड के साथ खुद को भी अपडेट रखें। वर्टिकल वीडियो और माइक्रो-ड्रामा आने वाले समय में मनोरंजन की दुनिया का बड़ा हिस्सा बनने वाले हैं। इस फॉर्मेट की सबसे बड़ी खासियत इसकी तेज रफ्तार है। यहां कहानी बहुत कम समय में आगे बढ़ती है और दर्शकों को शुरू से अंत तक बांधे रखने की कोशिश की जाती है। हालांकि यह चुनौतीपूर्ण जरूर है, लेकिन कलाकारों के लिए यह एक नया अवसर भी लेकर आता है।''

अभिनेत्री ने कहा, ''माइक्रो-ड्रामा की दुनिया में काम करने का सबसे बड़ा फायदा यह है कि कलाकारों को अलग-अलग तरह के किरदार निभाने का मौका मिलता है। एक अभिनेता के रूप में यह अनुभव बेहद रोमांचक होता है, क्योंकि हर बार कुछ नया सीखने और दिखाने का अवसर मिलता है। इससे न केवल अभिनय क्षमता बढ़ती है, बल्कि दर्शकों के साथ जुड़ने का तरीका भी और मजबूत होता है।''

नए शो में अपने किरदार को लेकर नियति ने बताया, ''इस कहानी में मैं एक ऐसी लड़की का किरदार निभा रही हूं जो अभिनय की दुनिया में अपना नाम बनाना चाहती है। वह एक संघर्षशील कलाकार है, जिसके बड़े सपने हैं और जो इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाने के लिए लगातार मेहनत कर रही है। लेकिन मुंबई जैसे बड़े शहर में रहना आसान नहीं होता। यहां रोजमर्रा के खर्चे, संघर्ष और प्रतिस्पर्धा किसी भी नए कलाकार के सामने बड़ी चुनौती बनकर खड़े हो जाते हैं।''

नियति ने कहा, ''कहानी में मेरे किरदार को एक एजेंट सफलता का आसान रास्ता सुझाता है। यहीं से कहानी में कई दिलचस्प मोड़ आते हैं। हालांकि यह विषय काफी संवेदनशील है, लेकिन शो की खास बात यह है कि इसे गंभीरता के बजाय हास्य और मनोरंजन के साथ पेश किया गया है।''

उन्होंने कहा, ''दर्शकों को यह शो इसलिए भी पसंद आएगा, क्योंकि इसमें मनोरंजन के साथ-साथ वास्तविक जीवन की झलक भी देखने को मिलेगी। कहानी एक युवा लड़की के सपनों, संघर्षों और उसके सफर को दिखाती है। साथ ही इसमें ऐसे कई पल हैं जो दर्शकों को हंसाने के साथ भावनात्मक रूप से भी जोड़ेंगे।''

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   2 Jun 2026 11:09 PM IST

Tags

Next Story