ओडिशा में इंजीनियर के ठिकानों पर छापेमारी, करोड़ों की संपत्ति का खुलासा
भुवनेश्वर, 23 जून (आईएएनएस)। ओडिशा सतर्कता विभाग (विजिलेंस) ने भ्रष्ट सरकारी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रखते हुए मंगलवार को संबलपुर स्थित कमांड एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (सीएडीए) के कार्यपालक अभियंता पद्मलोचन नायक के कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। उन पर आय से अधिक संपत्ति रखने का आरोप है।
विजिलेंस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, "आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति रखने के आरोप में 23 जून को पद्मलोचन नायक के संबलपुर, कटक, बालेश्वर और मलकानगिरी जिलों में स्थित सात ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया गया।"
जिन स्थानों पर छापेमारी की गई, उनमें संबलपुर जिले के धनुपाली स्थित उनका किराए का मकान, कटक जिले के विद्याधरपुर में स्थित तीन मंजिला आवासीय भवन और बालेश्वर जिले के बस्ता थाना क्षेत्र के मुखालिस गांव में स्थित मकान शामिल हैं।
अधिकारी ने बताया कि विशेष न्यायाधीश (विजिलेंस), संबलपुर की अदालत द्वारा जारी तलाशी वारंट के आधार पर विजिलेंस की सात टीमों ने यह कार्रवाई की। इन टीमों का नेतृत्व चार उप पुलिस अधीक्षकों ने किया, जबकि 13 निरीक्षक, सात सहायक उप निरीक्षक और अन्य कर्मचारी भी इसमें शामिल रहे।
तलाशी के दौरान विजिलेंस अधिकारियों को पद्मलोचन नायक और उनके परिवार के पास करोड़ों रुपए की संपत्ति का पता चला। इनमें कटक में एक बहुमंजिला इमारत सहित तीन मकान, 18 कीमती भूखंड, करीब 20 लाख रुपए के सोने के आभूषण और घरेलू सामान, 3.45 लाख रुपए नकद तथा श्रीलंका, नेपाल, बहरीन और अमेरिका की कुछ विदेशी मुद्रा शामिल हैं।
इसके अलावा तीन चारपहिया वाहन, दो जेसीबी मशीनें, एक ट्रैक्टर और एक ट्रेलर भी बरामद किए गए हैं।
18 भूखंडों में से पांच भुवनेश्वर, तीन कटक, छह जाजपुर जिले के कोरई क्षेत्र, तीन बालेश्वर जिले के बस्ता क्षेत्र और एक पुरी जिले के डेलंगा क्षेत्र में स्थित हैं।
अधिकारी ने बताया, "पद्मलोचन नायक के कई बार श्रीलंका जाने और वहां जुआ खेलने की गतिविधियों में शामिल होने की आशंका है, जिसकी जांच की जा रही है।"
विजिलेंस सूत्रों के अनुसार, बरामद संपत्तियों के स्रोत का पता लगाने के लिए नायक से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों को आशंका है कि तलाशी अभियान जारी रहने के दौरान और भी संपत्तियों का खुलासा हो सकता है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   24 Jun 2026 12:14 AM IST












