पाकिस्तान वकीलों ने पीटीआई के मार्च और मांगों के प्रति समर्थन व्यक्त किया

पाकिस्तान वकीलों ने पीटीआई के मार्च और मांगों के प्रति समर्थन व्यक्त किया
पाकिस्तान में पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी 'पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ' (पीटीआई) को वकीलों ने समर्थन दिया है। शुक्रवार की मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया कि 'ऑल पाकिस्तान लॉयर्स एक्शन कमेटी' ने 'पीटीआई' के मार्च और उसकी मांगों का समर्थन किया है।

इस्लामाबाद, 9 अक्टूबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान में पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी 'पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ' (पीटीआई) को वकीलों ने समर्थन दिया है। शुक्रवार की मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया कि 'ऑल पाकिस्तान लॉयर्स एक्शन कमेटी' ने 'पीटीआई' के मार्च और उसकी मांगों का समर्थन किया है।

पाकिस्तान के अखबार 'डॉन' की रिपोर्ट के मुताबिक, 'ऑल पाकिस्तान लॉयर्स एक्शन कमेटी' के चेयरमैन अली अहमद कुर्द और अलग-अलग बार एसोसिएशन व काउंसिलों के प्रतिनिधियों ने कहा है कि पीटीआई का मार्च पाकिस्तान में लोकतंत्र और कानून के शासन को मजबूत करने के लिए एक ऐतिहासिक संघर्ष होगा।

एक बयान में वकीलों ने कहा है कि पीटीआई पार्टी संविधान और कानून की सर्वोच्चता, एक स्वतंत्र न्यायपालिका, संसद और पाकिस्तान में चल रहे आर्थिक और राजनीतिक संकट, बिगड़ती कानून व्यवस्था, राजनीतिक और मानवाधिकार कार्यकर्ताओं की अवैध गिरफ्तारी, मुद्रास्फीति और अराजकता के खिलाफ मार्च निकाल रही है।

वकीलों ने पीटीआई के संस्थापक इमरान खान और हिरासत में लिए गए पार्टी के अन्य नेताओं की रिहाई की भी मांग की। 'डॉन' की रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने कहा कि अगर पाकिस्तानी अधिकारी खैबर पख्तूनख्वा में गवर्नर शासन लागू करते हैं या 'कोई अलोकतांत्रिक कदम' उठाते हैं, तो वकील विरोध प्रदर्शन करेंगे।

इससे पहले, गुरुवार को खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी ने कहा कि पीटीआई अपना लंबा मार्च जारी रखेगी, क्योंकि 'पीछे हटने का कोई रास्ता नहीं है'। 'द एक्सप्रेस ट्रिब्यून' की रिपोर्ट के अनुसार, पार्टी का काफिला अपनी यात्रा के लगातार पांचवें दिन पेशावर पहुंचा।

मार्च में शामिल प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए अफरीदी ने कहा कि पीटीआई संविधान और कानून के दायरे में रहकर राजनीतिक और लोकतांत्रिक संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने खैबर, पेशावर व दक्षिणी जिलों के लोगों को मार्च में शामिल होने के लिए आभार व्यक्त किया और उनसे अपने जोश व उत्साह को बनाए रखने का आग्रह किया।

अफरीदी ने इस मार्च को 'सच्ची आजादी' के लिए संघर्ष बताया और कहा कि पीटीआई के संस्थापक इमरान खान मुश्किलों का सामना करने के बावजूद देश के साथ खड़े रहे और दबाव के आगे नहीं झुके। 'द एक्सप्रेस ट्रिब्यून' ने उनके हवाले से कहा, "वापसी का कोई रास्ता नहीं है। सच्ची आजादी का सपना निश्चित रूप से पूरा होगा। वे गोलियां चलाएंगे और हम अपना सीना आगे करेंगे।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   9 Oct 2026 2:52 PM IST

Tags

Next Story