पाकिस्तान सिंध के शिक्षा विभाग के दफ्तरों में बिजली कटौती से कामकाज ठप, ऑनलाइन सेवाएं प्रभावित

पाकिस्तान सिंध के शिक्षा विभाग के दफ्तरों में बिजली कटौती से कामकाज ठप, ऑनलाइन सेवाएं प्रभावित
पाकिस्तान के सिंध प्रांत में लगातार बिजली कटौती के कारण पिछले करीब तीन सप्ताह से शिक्षा विभाग के विभिन्न कार्यालयों का कामकाज, ऑनलाइन सिस्टम और जनसेवाएं गंभीर रूप से प्रभावित हो रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि सभी बिजली बिलों का भुगतान किया जा चुका है और के-इलेक्ट्रिक से कई बार शिकायत भी की गई है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है।

इस्लामाबाद, 17 जुलाई (आईएएनएस)। पाकिस्तान के सिंध प्रांत में लगातार बिजली कटौती के कारण पिछले करीब तीन सप्ताह से शिक्षा विभाग के विभिन्न कार्यालयों का कामकाज, ऑनलाइन सिस्टम और जनसेवाएं गंभीर रूप से प्रभावित हो रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि सभी बिजली बिलों का भुगतान किया जा चुका है और के-इलेक्ट्रिक से कई बार शिकायत भी की गई है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है।

पाकिस्तान के दैनिक 'द एक्सप्रेस ट्रिब्यून' की रिपोर्ट के अनुसार, बिजली कटौती से डायरेक्टोरेट जनरल कॉलेजेज सिंध, रीजनल डायरेक्टोरेट गवर्नमेंट कॉलेजेज सिंध, डायरेक्टोरेट जनरल प्राइवेट इंस्टीट्यूशंस सिंध और रीजनल डायरेक्टोरेट प्राइवेट स्कूल्स कराची के कार्यालय प्रभावित हैं। कार्यालय समय के दौरान घंटों की लोडशेडिंग के कारण नियमित प्रशासनिक कार्य बाधित हो रहे हैं।

अधिकारियों ने बताया कि बिजली न रहने से कंप्यूटर आधारित कार्य, इंटरनेट कनेक्टिविटी और प्रिंटिंग सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। इसके चलते निजी स्कूलों का ऑनलाइन पंजीकरण, कंप्यूटरीकृत प्रमाणपत्र जारी करना, शिकायतों का निस्तारण और सरकारी कॉलेजों में प्रवेश संबंधी कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।

सबसे अधिक प्रभावित बर्न्स रोड स्थित डायरेक्टोरेट ऑफ इंस्पेक्शन एंड रजिस्ट्रेशन ऑफ प्राइवेट इंस्टीट्यूशंस का कार्यालय है। यहां कर्मचारियों को लगातार बिजली कटौती के कारण दैनिक कामकाज संचालित करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

अधिकारियों के मुताबिक, प्रतिदिन सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक ही बिजली उपलब्ध रहती है, जबकि शाम 4 बजे के बाद फिर बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती है।

डिप्टी डायरेक्टर (इंस्पेक्शन) ने कहा कि बार-बार बिजली जाने से आधुनिक ऑनलाइन कार्यालय प्रणाली प्रभावित हो रही है, क्योंकि कंप्यूटर, इंटरनेट और प्रिंटिंग सुविधाएं ठप हो जाती हैं। इससे सरकारी कार्य समय पर पूरे नहीं हो पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सभी बिजली बिलों का भुगतान किया जा चुका है और के-इलेक्ट्रिक के समक्ष कई बार शिकायतें दर्ज कराई गई हैं, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है।

अधिकारियों ने कार्यालय समय के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और तकनीकी समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग की है।

इस महीने की शुरुआत में भी पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में भीषण गर्मी के बीच बिना पूर्व सूचना के हो रही बिजली कटौती से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा था।

व्यापारियों और स्थानीय निवासियों ने बताया था कि हीटवेव के दौरान कई-कई घंटे बिजली गुल रहने से जनजीवन प्रभावित हुआ। लोगों ने यह भी शिकायत की कि बार-बार बिजली जाने, लो वोल्टेज और वोल्टेज में उतार-चढ़ाव के कारण एयर कंडीशनर, रेफ्रिजरेटर, टेलीविजन और पानी की मोटर जैसे घरेलू उपकरण भी खराब हो गए।

'द एक्सप्रेस ट्रिब्यून' के अनुसार, गुलबर्ग, ग्रीन टाउन, जौहर टाउन, बागबानपुरा, टाउनशिप, गार्डन टाउन, चाइना स्कीम, अनारकली सहित लाहौर इलेक्ट्रिक सप्लाई कंपनी (लेस्को) के सेवा क्षेत्र के कई इलाकों में रहने वाले लोगों ने लगातार बिजली बाधित रहने और वोल्टेज की समस्या की शिकायत की है।

हालांकि, लेस्को ने दावा किया है कि लाहौर में घोषित या अघोषित लोडशेडिंग नहीं की जा रही है। कंपनी का कहना है कि बिजली कटौती केवल विकास कार्यों और अधिक लाइन लॉस वाले फीडरों पर निर्धारित शटडाउन के कारण की जा रही है, न कि बिजली की कमी की वजह से।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   17 July 2026 2:35 PM IST

Tags

Next Story