राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने दक्षिण अफ्रीका के उपराष्ट्रपति से की मुलाकात, द्विपक्षीय बातचीत जारी रखने का किया आह्वान
नई दिल्ली, 2 जून (आईएएनएस)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने मंगलवार को नई दिल्ली में राष्ट्रपति भवन में दक्षिण अफ्रीका के उपराष्ट्रपति शिपोकोसा पॉलस माशातिले से मुलाकात की। राष्ट्रपति मुर्मु ने भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच द्विपक्षीय व्यापार में बढ़ोतरी पर जोर दिया।
मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं ने तकनीक, फार्मास्यूटिकल्स, ऊर्जा, स्किलिंग और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय (एमएसएमई) जैसे क्षेत्रों में जुड़ाव बढ़ाने की अपील की।
राष्ट्रपति सचिवालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "दक्षिण अफ्रीका के उपराष्ट्रपति शिपोकोसा पॉलस माशातिले ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से राष्ट्रपति भवन में मुलाकात की। राष्ट्रपति ने कहा कि भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच एक खास दोस्ती है जो ऐतिहासिक और समकालीन दोनों है, और दोनों देश ग्लोबल साउथ की लीडिंग आवाज हैं। उन्होंने द्विपक्षीय व्यापार में लगातार बढ़ोतरी पर ध्यान दिया और कहा कि दोनों पक्षों को तकनीक, फार्मास्यूटिकल्स, ऊर्जा, एमएसएमई और स्किलिंग जैसे क्षेत्रों में आपसी फायदे वाले जुड़ाव को बढ़ाते रहना चाहिए।"
इससे पहले भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी में छह दिवसीय भारत यात्रा पर आए दक्षिण अफ्रीका के उपराष्ट्रपति शिपोकोसा पॉल मशातिले से मुलाकात की। दोनों ने विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा की।
दोनों पक्षों ने अंतरराष्ट्रीय मंचों पर समन्वय बढ़ाने पर भी सहमति जताई। यह सहयोग दोनों देशों के साझा इतिहास, ब्रिक्स सदस्य होने और ग्लोबल साउथ की प्रभावशाली आवाजों के रूप में उनकी भूमिका पर आधारित है। दक्षिण अफ्रीका के उपराष्ट्रपति माशातिले 29 मई को छह दिवसीय यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे थे, जो 3 जून को समाप्त होगी।
मुलाकात के बाद विदेश मंत्री जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "नई दिल्ली में दक्षिण अफ्रीका गणराज्य के उपराष्ट्रपति शिपोकोसा पॉल माशातिले और उनके प्रतिनिधिमंडल से मिलकर प्रसन्नता हुई। मैं दीर्घकालिक साझेदारी संबंधों को और गहरा करने की उनकी प्रतिबद्धता की सराहना करता हूं। व्यापार, निवेश, एमएसएमई, डिजिटल और अवसंरचना (इन्फ्रास्ट्रक्चर) क्षेत्रों में अवसरों पर चर्चा हुई। हम भारत और दक्षिण अफ्रीका को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर मिलकर काम करने पर सहमत हुए।"
बैठक के बाद माशातिले ने भी सोशल मीडिया पर लिखा, "भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर के साथ हमने सहमति व्यक्त की कि दक्षिण अफ्रीका और भारत को अपने संबंधों का विस्तार अन्य क्षेत्रों में भी करना चाहिए, खासतौर से आर्थिक संबंधों में।"
उन्होंने एक अन्य पोस्ट में कहा, "आज हम रणनीतिक साझेदारी के उद्देश्यों को पूरा करने की अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हैं। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच बहुपक्षीय संस्थानों में सहयोग को स्वीकार करते हुए हम इस बात पर जोर देते हैं कि हमारे संबंध पारस्परिक समृद्धि प्राप्त करने के साथ ही गरीबी, बेरोजगारी और असमानता जैसी चुनौतियों से निपटने की कुंजी हैं।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   2 Jun 2026 11:09 PM IST












