मानसून की विदाई के साथ ही राजस्थान में गर्मी की वापसी, 6 जिलों में तापमान 40 डिग्री के पार
जयपुर, 25 सितंबर (आईएएनएस)। राजस्थान से भले ही मानसून विदा ले रहा हो, लेकिन गर्मी जोरदार वापसी कर रही है। राज्य के पश्चिमी हिस्सों में दिन का तापमान बढ़ गया है और छह जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ज़्यादा दर्ज किया गया है।
गुरुवार को छह जिलों में तापमान 40 डिग्री के पार चला गया। बाड़मेर में राज्य का सबसे अधिक तापमान 43.6 डिग्री दर्ज किया गया, इसके बाद जैसलमेर में 43.2 डिग्री तापमान रहा।
मौसम केंद्र के अनुसार, इन दोनों जिलों में पिछले दस सालों में सितंबर महीने का सबसे अधिक तापमान भी दर्ज किया गया। पश्चिमी राजस्थान में गर्मी का असर अधिक रहा, जहां जोधपुर (41.7), बीकानेर (41.6), चूरू (40.5) और नागौर (40.3) में भी तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चला गया।
बाड़मेर में अधिकतम तापमान सामान्य से 6.9 डिग्री ज्यादा था, जबकि जैसलमेर में यह सामान्य से 6.1 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। जोधपुर में तापमान सामान्य से 5.8 डिग्री और बीकानेर में 4.2 डिग्री ज्यादा रहा।
चूरू में तापमान सामान्य से 3.6 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। इसके उलट जयपुर में अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य स्तर से कम था।
मौसम विभाग ने बताया कि बाड़मेर और जैसलमेर में गुरुवार को दर्ज किया गया तापमान पिछले 10 सालों में सितंबर महीने के लिए सबसे ज़्यादा था। इस दौरान जैसलमेर में सितंबर का पिछला अधिकतम तापमान 2023 में 43.5 डिग्री था, जबकि बाड़मेर का पिछला अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री था, जो भी 2023 में ही दर्ज किया गया था।
वहीं, अगले दो से तीन दिनों तक पूरे राजस्थान में मौसम के मुख्य रूप से शुष्क रहने की उम्मीद है। जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार, 27 से 29 सितंबर के बीच भरतपुर और जयपुर डिवीजन के कुछ हिस्सों और शेखावाटी क्षेत्र में अलग-अलग जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। एक नए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से बीकानेर डिवीजन में भी 28 और 29 सितंबर को कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है।
इस बीच, उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के पास बन गहरे दबाव अगले 24 घंटों में दक्षिणी ओडिशा और छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ सकता है। फिलहाल, पश्चिमी राजस्थान में सितंबर के आखिर में भी तेज गर्मी पड़ रही है, जबकि मानसून की वापसी राज्य में सूखे मौसम की शुरुआत का संकेत दे रही है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   25 Sept 2026 10:09 AM IST












