'जिसमें हम पिटते हैं, वह फिल्म हिट होती है', राजपाल यादव ने बताया कामयाबी का मजेदार राज

मुंबई, 4 नवंबर (आईएएनएस)। बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव अपनी शानदार कॉमिक टाइमिंग और मजेदार अंदाज के लिए जाने जाते हैं। उनकी कई फिल्मों में एक बात अक्सर देखने को मिली है और वह है उनका पिटना। इन सीन्स को राजपाल ने मजाकिया अंदाज में अपनी फिल्मों की कामयाबी से जोड़ा है। उन्होंने बताया कि जिन फिल्मों में उनकी पिटाई होती है, वे हिट हो जाती हैं।
दरअसल, राजपाल यादव हाल ही में रोहित शर्मा के शो 'फैमिली फुल हाउस विद रोहित शर्मा' में पहुंचे थे। इस दौरान होस्ट रोहित ने उनकी फिल्मों में नजर आने वाली एक दिलचस्प चीज की ओर ध्यान दिलाया। उन्होंने कहा कि राजपाल की कई हिट फिल्मों, जैसे 'भागम भाग', 'खट्टा मीठा' और 'भूल भुलैया' में एक बात कॉमन रही है और वह है उनका पिटना।
रोहित ने मजाकिया अंदाज में अभिनेता से पूछा, ''राजपाल सर, आपकी 'भागम भाग', 'खट्टा मीठा', 'भूल भुलैया' और भी कई फिल्मों में एक चीज कॉमन रही है, आपकी पिटाई। क्या पिटाई आपका लकी चार्म है?''
इस सवाल पर राजपाल ने भी मजाकिया अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने कहा, ''हां, जिसमें हम पिटते थे, वो फिल्म हिट होती है।'' अभिनेता का यह जवाब सुनते ही वहां मौजूद लोग हंसने लगे। दर्शकों ने भी तालियां बजाकर उनकी बात पर खूब प्रतिक्रिया दी।
गौरतलब है कि राजपाल यादव ने अपने करियर में कई ऐसी कॉमेडी फिल्मों में काम किया है, जिनमें उनके किरदार अजीबोगरीब परिस्थितियों में फंसते नजर आए। इन फिल्मों में कॉमेडी और उनके साथ होने वाली मारपीट ने भी दर्शकों को खूब हंसाया।
साल 2006 में रिलीज हुई फिल्म 'भागम भाग' में राजपाल ने गुल्लू का किरदार निभाया था। इस फिल्म में उनके साथ अक्षय कुमार और गोविंदा नजर आए थे। वहीं, 2007 में आई फिल्म 'भूल भुलैया' में उनका छोटा पंडित का किरदार काफी लोकप्रिय हुआ। फिल्म में उनका किरदार कई मजेदार और उलझन भरी परिस्थितियों में फंसता दिखाई दिया था।
इसके अलावा 'हंगामा', 'वक्त: द रेस अगेंस्ट टाइम', 'चुप चुप के', 'ढोल', 'पार्टनर', 'दे दना दन' और 'फिर हेरा फेरी' जैसी फिल्मों में भी उन्होंने अपनी कॉमिक टाइमिंग से दर्शकों को खूब हंसाया है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
