तेलंगाना करीमनगर में हथियारबंद गिरोह ने 66 तोला सोना और 21 लाख रुपये लूटे
हैदराबाद, 22 जुलाई (आईएएनएस)। तेलंगाना के करीमनगर कस्बे में हुई एक बड़ी लूट की घटना में हथियारबंद गिरोह ने घर के सदस्यों को चाकू और रिवॉल्वर से धमकाकर 66 तोला सोने के आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान लूट लिया।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार रात भगत नगर इलाके में करीब आठ अज्ञात लोगों के एक गिरोह ने इस लूट की वारदात को अंजाम दिया।
नकाबपोश लुटेरे उस समय घर में घुस आए, जब मकान मालिक अजमत अली सोने से पहले लाइट बंद करने के लिए पहली मंजिल से नीचे आए थे। लुटेरों ने बुजुर्ग अजमत अली को पकड़ लिया और उनका मुंह टेप से बांध दिया। इसके बाद वे उन्हें घर के अंदर ले गए और उनकी जमकर पिटाई की।
अपराधियों ने अली की पत्नी और उनकी दो बेटियों के साथ भी मारपीट की। चाकू और रिवॉल्वर से लैस लुटेरों ने धमकी दी कि अगर किसी ने शोर मचाया तो वे उन्हें मार डालेंगे।
सभी लोगों को बांधने के बाद गिरोह ने 66 तोला सोने के आभूषण, 21 लाख रुपये नकद और 10 तोला चांदी लूट ली।
भागने से पहले उन्होंने परिवार के सभी सदस्यों को एक कमरे में बंद कर दिया। उन्होंने परिवार के सदस्यों के मोबाइल फोन भी छीन लिए, ताकि वे पुलिस को सूचना न दे सकें और किसी से मदद न मांग सकें।
गिरोह भूतल पर खड़ी दो मोटरसाइकिलें भी चोरी कर ले गया।
पुलिस को शक है कि लुटेरे वेमुलावाड़ा बाईपास के रास्ते फरार हुए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
पीड़ितों ने पुलिस को बताया कि लुटेरे नकाब पहने हुए थे और उत्तर भारतीय लहजे में हिंदी बोल रहे थे।
लुटेरों ने इस घर को इसलिए निशाना बनाया क्योंकि वहां रहने वाले ज्यादातर लोग बुजुर्ग और महिलाएं थीं। ऐसा लगता है कि उन्हें घर के मालिक की दिनचर्या और घर में रखे सोने के आभूषणों और नकदी के बारे में पहले से जानकारी थी।
करीमनगर में तीन महीने से भी कम समय में यह दूसरी बड़ी लूट की घटना है।
3 मई को दिनदहाड़े लुटेरों के एक गिरोह ने पीएमजे ज्वैलरी शॉप में लूटपाट की और गोलीबारी की, जिसमें चार कर्मचारी घायल हो गए। लुटेरे 161 तोला सोने के आभूषण और 112 कैरेट के हीरे लेकर फरार हो गए।
गहन जांच के बाद पुलिस को पता चला कि इस वारदात में बिहार के कुख्यात सुबोध सिंह गिरोह की संलिप्तता है। पुलिस ने गिरोह के कुछ सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, सुबोध सिंह ने पूर्णिया जेल में रहते हुए ही डकैती की योजना बनाई थी।
सुबोध सिंह गिरोह बिहार, पश्चिम बंगाल, झारखंड, महाराष्ट्र, गुजरात और उत्तराखंड में लूट की कई घटनाओं में शामिल रहा है। यह गिरोह सुनियोजित तरीके से डकैती करने के लिए कुख्यात है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   22 July 2026 2:57 PM IST












