आरपीएससी ने जारी किया पांच बड़ी भर्तियों का इंटरव्यू शेड्यूल, जुलाई में होंगे साक्षात्कार

आरपीएससी ने जारी किया पांच बड़ी भर्तियों का इंटरव्यू शेड्यूल, जुलाई में होंगे साक्षात्कार
राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) ने कॉलेज शिक्षा विभाग और चिकित्सा शिक्षा विभाग के तहत होने वाली पांच प्रमुख भर्तियों के साक्षात्कार कार्यक्रम जारी कर दिए हैं। आयोग की इस घोषणा से अंतिम चयन प्रक्रिया का इंतजार कर रहे हजारों अभ्यर्थियों को राहत मिली है।

जयपुर, 24 जून (आईएएनएस)। राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) ने कॉलेज शिक्षा विभाग और चिकित्सा शिक्षा विभाग के तहत होने वाली पांच प्रमुख भर्तियों के साक्षात्कार कार्यक्रम जारी कर दिए हैं। आयोग की इस घोषणा से अंतिम चयन प्रक्रिया का इंतजार कर रहे हजारों अभ्यर्थियों को राहत मिली है।

आरपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कार्यक्रम के अनुसार, सहायक आचार्य (असिस्टेंट प्रोफेसर), शारीरिक प्रशिक्षण अनुदेशक (पीटीआई), लाइब्रेरियन तथा चिकित्सा शिक्षा विभाग के विभिन्न पदों के लिए साक्षात्कार जुलाई 2026 के दौरान अजमेर स्थित आयोग मुख्यालय में आयोजित किए जाएंगे।

आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के तहत सहायक आचार्य (बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन) के पदों के लिए साक्षात्कार 2 और 3 जुलाई 2026 को होंगे। वहीं सहायक आचार्य (इतिहास) भर्ती की 10वीं चरण की साक्षात्कार प्रक्रिया 6 जुलाई से 17 जुलाई 2026 तक चलेगी।

इसी तरह सहायक आचार्य (संस्कृत) पद के लिए चयनित अभ्यर्थियों के साक्षात्कार 6 जुलाई से 16 जुलाई 2026 के बीच आयोजित किए जाएंगे। पीटीआई परीक्षा-2023 के अंतिम चरण के साक्षात्कार 6 जुलाई से 10 जुलाई 2026 तक होंगे, जबकि लाइब्रेरियन भर्ती के तीसरे चरण के साक्षात्कार 6 जुलाई से 17 जुलाई 2026 तक निर्धारित किए गए हैं।

आरपीएससी ने चिकित्सा शिक्षा विभाग परीक्षा-2024 के अंतर्गत सहायक आचार्य पदों के लिए भी साक्षात्कार कार्यक्रम घोषित किया है। कार्डियोलॉजी (सुपर स्पेशियलिटी), रेस्पिरेटरी मेडिसिन/टीबी एवं चेस्ट (ब्रॉड स्पेशियलिटी) तथा नियोनेटोलॉजी (सुपर स्पेशियलिटी) विषयों के लिए साक्षात्कार 10 जुलाई 2026 को आयोजित किए जाएंगे।

इन पदों पर चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति राज्य के सरकारी मेडिकल कॉलेजों और सुपर स्पेशियलिटी संस्थानों में सहायक आचार्य के रूप में की जाएगी।

आयोग ने अभ्यर्थियों को निर्धारित समय पर सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं। आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने की स्थिति में अभ्यर्थी को साक्षात्कार प्रक्रिया से वंचित किया जा सकता है।

अभ्यर्थियों को नवीनतम पासपोर्ट आकार का रंगीन फोटो, मूल फोटो पहचान पत्र (मतदाता पहचान पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस या अन्य वैध सरकारी पहचान पत्र), शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्रों की मूल प्रतियां, जाति, मूल निवास और अनुभव प्रमाण पत्र (जहां लागू हो) तथा सभी दस्तावेजों की स्वप्रमाणित प्रतियां साथ लानी होंगी।

आयोग ने स्पष्ट किया है कि अधूरे दस्तावेजों के साथ पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को साक्षात्कार में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

आरपीएससी ने बताया कि व्यक्तिगत साक्षात्कार पत्र निर्धारित तिथियों से कुछ दिन पहले आयोग की वेबसाइट पर अपलोड किए जाएंगे। अभ्यर्थियों को नियमित रूप से वेबसाइट पर नजर रखने और समय रहते अपने कॉल लेटर डाउनलोड करने की सलाह दी गई है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   24 Jun 2026 3:04 PM IST

Tags

Next Story