गलत एंगल से शूट करने पर भड़कीं साउथ एक्ट्रेसेस, कहा- 'इस तरह की हरकत को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा'

गलत एंगल से शूट करने पर भड़कीं साउथ एक्ट्रेसेस, कहा- इस तरह की हरकत को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा
फिल्म इंडस्ट्री में ग्लैमर और कैमरों की चमक के बीच एक ऐसा मुद्दा फिर सामने आया है, जिस पर लंबे समय से चर्चा होती रही है, लेकिन अक्सर उसे नजरअंदाज कर दिया जाता है। पब्लिक इवेंट्स, फिल्म प्रमोशन और अवॉर्ड शो के दौरान महिला कलाकारों की तस्वीरें और वीडियो कई बार ऐसे एंगल से शूट किए जाते हैं, जो असहज और आपत्तिजनक माने जाते हैं।

बेंगलुरु, 3 मार्च (आईएएनएस)। फिल्म इंडस्ट्री में ग्लैमर और कैमरों की चमक के बीच एक ऐसा मुद्दा फिर सामने आया है, जिस पर लंबे समय से चर्चा होती रही है, लेकिन अक्सर उसे नजरअंदाज कर दिया जाता है। पब्लिक इवेंट्स, फिल्म प्रमोशन और अवॉर्ड शो के दौरान महिला कलाकारों की तस्वीरें और वीडियो कई बार ऐसे एंगल से शूट किए जाते हैं, जो असहज और आपत्तिजनक माने जाते हैं।

अब इस मुद्दे पर साउथ फिल्म इंडस्ट्री की कुछ अभिनेत्रियों ने आवाज उठाई है। उन्होंने कहा कि वे इस तरह के जानबूझकर किए गए जूम-इन और अनुचित एंगल को बर्दाश्त नहीं करेंगी।

अभिनेत्रियां रुक्मिणी वसंत, आशिका रंगनाथ और सप्तमी गौड़ा ने अपने-अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक साझा बयान जारी कर इस हरकत की कड़ी निंदा की।

उन्होंने कहा, ''कई बार सार्वजनिक कार्यक्रमों में महिला कलाकारों की तस्वीरें और वीडियो जानबूझकर गलत एंगल से लिए जाते हैं। कैमरे का फोकस उनके काम, उपलब्धियों या कार्यक्रम के मकसद पर नहीं, बल्कि उनके शरीर पर किया जाता है। यह एक बार की बात नहीं है, बल्कि बार-बार दोहराई जाने वाली समस्या है।''

अभिनेत्रियों ने स्पष्ट शब्दों में कहा, ''इस तरह के जानबूझकर किए गए जूम-इन और अनुचित एंगल पूरी तरह से अस्वीकार्य हैं। यह व्यवहार हमारी गरिमा का उल्लंघन है और इसे सामान्य नहीं माना जा सकता। कुछ लोग व्यूज और सनसनी के लिए इस तरह की क्लिप्स को रिकॉर्ड और शेयर करते हैं, जो न सिर्फ अपमानजनक है बल्कि महिलाओं की पेशेवर पहचान को भी कमजोर करता है। हम सिनेमा और अपने हुनर के लिए जानी जाना चाहती हैं, न कि इस तरह की गलत प्रस्तुतियों के लिए।''

अभिनेत्रियों ने मीडिया और इवेंट कवर करने वाले फोटोग्राफरों और वीडियोग्राफरों से भी अपील की है कि वे पेशेवर आचरण बनाए रखें। उन्होंने कहा, ''पत्रकारिता और मीडिया का काम सम्मान और जिम्मेदारी के साथ किया जाना चाहिए। बुनियादी शालीनता और मर्यादा हर पेशे की पहचान होती है। हम इस मुद्दे पर एकजुट हैं और ऐसी किसी भी हरकत को बर्दाश्त नहीं करेंगी।''

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   3 March 2026 10:45 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story