अमेरिकी फंडिंग विवाद से हवाई अड्डों पर असर, टीएसए कर्मचारियों का वेतन भुगतान अटका

अमेरिकी फंडिंग विवाद से हवाई अड्डों पर असर, टीएसए कर्मचारियों का वेतन भुगतान अटका
फंडिंग को लेकर चल रहे विवाद की वजह से अमेर‍िकी हवाई अड्डों के कामकाज में रुकावट आ गई है। हजारों कर्मचारि‍यों को वेतन नहीं म‍िला है।

वॉशिंगटन, 29 मार्च (आईएएनएस)। फंडिंग को लेकर चल रहे विवाद की वजह से अमेर‍िकी हवाई अड्डों के कामकाज में रुकावट आ गई है। हजारों कर्मचारि‍यों को वेतन नहीं म‍िला है।

व्हाइट हाउस के सीमा मामलों के प्रमुख टॉम होमन ने कहा कि ट्रांसपोर्टेशन सिक्योरिटी एडमिनिस्ट्रेशन (टीएसए) के कर्मचारियों को सैलरी तभी मिलेगी, जब कांग्रेस सरकार का कामकाज फिर से चालू करेगी और डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी (डीएचएस) के ल‍िए फंड जारी करेगी।

रविवार को सीएनएन से बात करते हुए होमन ने कहा कि टीएसए कर्मचारियों को जल्द से जल्द सैलरी दिलाने की कोशिशें चल रही हैं, लेकिन इस पूरे मामले का हल अमेर‍िकी कांग्रेस पर निर्भर करता है।

उन्होंने यह भी कहा कि इन टीएसए एजेंटों को उम्मीद है कि मंगलवार तक वेतन मिल जाएगा।

आंशिक शटडाउन के कारण प्रमुख हवाई अड्डों पर सुरक्षा लाइनों में लंबी कतारें लग गई हैं। अधिकारियों ने टीएसए संचालन में मदद के लिए इमीग्रेशन एंड कस्टम्स एन्फोर्समेंट (आईसीई) कर्मियों को तैनात किया है।

होमन ने कहा कि‍ जहां भी हम आईसीई अधिकारियों को भेजते हैं, लाइनें छोटी हो गई हैं। उन्होंने बताया कि एजेंट्स लोगों की पहचान की जांच कर रहे हैं और बाहर निकलने के रास्तों पर सुरक्षा सुनिश्चित कर रहे हैं।

आलोचकों का तर्क है कि यह उपाय पर्याप्त नहीं है। एक यूनियन नेता ने इसे अप्रभावी बताया।

फंडिंग को लेकर चल रहे इस गतिरोध ने वॉशिंगटन में मौजूद गहरे मतभेदों को उजागर कर दिया है।

डीएचएस को आंशिक रूप से फंडिंग देने के मकसद से लाया गया एक द्विदलीय सीनेट बिल हाउस में आगे नहीं बढ़ पाया, जहां रिपब्लिकन नेताओं ने इस प्रस्ताव का विरोध किया।

होमन ने अमेरिकी प्रशासन के दृष्टिकोण का विरोध करने वाले सांसदों पर आरोप लगाया कि वे प्रवर्तन को सीमित करने की कोशिश कर रहे हैं।

वहीं, डेमोक्रेट्स का कहना है कि अतिरिक्त फंडिंग को सुधारों से जोड़ा जाना चाहिए।

सेनेटर एंडी किम ने चेतावनी दी कि यह गतिरोध आम अमेरिकी नागरिकों को प्रभावित कर रहा है।

किम ने कहा, "जो अमेरिकी अभी एयरपोर्ट्स पर लाइनों में खड़े हैं, उन्हें यह परेशानी इसलिए हो रही है क्योंकि स्पीकर माइक जॉनसन को आपकी परेशानी से ज्यादा अपनी नौकरी की फिक्र है।"

उन्होंने कहा कि शटडाउन पहले ही खत्म हो जाना चाहिए था। उन्होंने अमेर‍िकी प्रशासन की आलोचना करते हुए कहा कि उनके पास कार्रवाई करने का अधिकार होने के बावजूद टीएसए कर्मचारियों को राहत देने में देरी की गई।

होमन ने कहा कि एजेंसी को प्राथमिकता दी जानी चाहिए, खासकर ऐसे समय में जब हमारे देश में अभी सुरक्षा का खतरा काफी बढ़ गया है। अमेरिकी कांग्रेस अब दो सप्ताह के लिए अवकाश पर है, जिससे यह अनिश्चित है कि समाधान कब तक मिलेगा।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   29 March 2026 11:41 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story