प्रज्वल रेवन्ना केस एसआईटी ने 13,712 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की, 39 आरोपी नामजद

प्रज्वल रेवन्ना केस एसआईटी ने 13,712 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की, 39 आरोपी नामजद
पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना से जुड़े अश्लील वीडियो मामले में जांच कर रही विशेष जांच दल (एसआईटी) ने बुधवार को 13,712 पन्नों की विस्तृत चार्जशीट दाखिल कर दी। इस मामले में कुल 39 आरोपियों को नामजद किया गया है।

बेंगलुरु, 18 मार्च (आईएएनएस)। पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना से जुड़े अश्लील वीडियो मामले में जांच कर रही विशेष जांच दल (एसआईटी) ने बुधवार को 13,712 पन्नों की विस्तृत चार्जशीट दाखिल कर दी। इस मामले में कुल 39 आरोपियों को नामजद किया गया है।

यह चार्जशीट हासन की वरिष्ठ सिविल अदालत में दायर की गई है। एसआईटी के अनुसार जांच के दौरान कुल 52 लोगों के नाम सामने आए थे, लेकिन पर्याप्त साक्ष्यों के आधार पर 39 के खिलाफ ही आरोप तय किए गए हैं। आरोपियों में भाजपा और कांग्रेस से जुड़े कुछ कार्यकर्ता भी शामिल हैं।

यह जांच 2024 लोकसभा चुनाव के दौरान जेडी(एस) के एजेंट रहे अधिवक्ता पूर्णचंद्र द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर शुरू की गई थी।

एसआईटी ने अपनी चार्जशीट में बताया कि आरोपियों ने हासन में करीब 70 पेन ड्राइव खरीदे थे, जिनके जरिए कथित अश्लील वीडियो फैलाए गए। जांच के दौरान 277 गवाहों के बयान दर्ज किए गए।

अधिकारियों के मुताबिक, आरोप तकनीकी साक्ष्यों और फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की रिपोर्ट के आधार पर तय किए गए हैं।

चार्जशीट में आरोपी नंबर-1 नवीन, आरोपी नंबर-2 कार्तिक एन (जो प्रज्वल रेवन्ना के ड्राइवर थे), आरोपी नंबर-3 चेतन बी.सी., आरोपी नंबर-4 चेतन वाई.एस., आरोपी नंबर-5 लीकिथ गौड़ा, आरोपी नंबर-6 देवराजेगौड़ा सहित अन्य के नाम शामिल हैं।

एसआईटी के अनुसार, ये वीडियो कथित तौर पर महिलाओं की सहमति के बिना मोबाइल फोन से रिकॉर्ड किए गए और बाद में पेन ड्राइव और मोबाइल के जरिए प्रसारित किए गए। कुछ आरोपियों ने इन्हें अपने फोन से दूसरों के साथ साझा किया, जिससे लोकसभा चुनाव के दौरान ये वीडियो तेजी से फैले।

गौरतलब है कि प्रज्वल रेवन्ना के खिलाफ दुष्कर्म और यौन उत्पीड़न के चार अलग-अलग मामले दर्ज हैं, जिनकी जांच एसआईटी को सौंपी गई थी। यह मामला तब सामने आया था जब 26 अप्रैल 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले हासन में कथित रूप से अश्लील वीडियो से भरे पेन ड्राइव बांटे गए थे।

कर्नाटक हाईकोर्ट ने पहले ही इस मामले में दोषी ठहराए गए प्रज्वल रेवन्ना की उम्रकैद की सजा को निलंबित करने से इनकार कर दिया था। कोर्ट ने अपराध की गंभीरता, लंबित मामलों और गवाहों को प्रभावित करने की आशंका को आधार बनाया था।

प्रज्वल रेवन्ना, जिन्हें मई 2024 में जर्मनी से लौटने के बाद गिरफ्तार किया गया था, ने अदालत के फैसले को चुनौती दी है। उन्होंने पीड़िता के बयान में कथित विरोधाभास और सबूतों में असंगतियों का हवाला दिया है।

विशेष अदालत ने चार में से एक मामले में उन्हें उम्रभर की कैद की सजा सुनाई है और जुर्माना भी लगाया है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   18 March 2026 7:10 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story