कर्नाटक कोप्पल में भीषण सड़क हादसा, छह लोगों की मौत
कोप्पल, 15 मई (आईएएनएस)। कर्नाटक के कोप्पल में शुक्रवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। कोप्पल और विजयपुरा जिलों की सीमा पर राष्ट्रीय राजमार्ग 50 पर एक ट्रक और ट्रैक्टर की टक्कर में एक साल के बच्चे सहित छह लोगों की मौत हो गई और दो अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर पुल से गिर गया। इस दुर्घटना में नौ लोग घायल हो गए। मृतकों की पहचान 25 वर्षीय गौरम्मा, 20 वर्षीय गीता, 18 वर्षीय महंतेश, 30 वर्षीय मंजम्मा, 35 वर्षीय केंचप्पा और एक वर्षीय भरत के रूप में हुई है। सभी रिश्तेदार थे और बल्लारी तथा विजयनगर जिलों के रहने वाले थे।
वे कोप्पल जिले के हुलागी गांव में स्थित प्रसिद्ध हुलिगेम्मा मंदिर के दर्शन के लिए जा रहे थे। घायलों को कोप्पल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों की पहचान अजय, चेतन, माया, हनुमम्मा, अंजली, रत्नम्मा और अन्य लोगों के रूप में हुई है।
घायलों से मिलने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए कांग्रेस सांसद ई. तुकाराम ने कहा कि मैंने मुख्यमंत्री से इस दुर्घटना के बारे में बात की, जिसमें छह लोगों की मौत हो गई। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने जान गंवाने वाले व्यक्ति के आश्रितों को 5 लाख रुपए का मुआवजा देने पर सहमति जताई है। उन्होंने कहा कि घायलों के इलाज का खर्च मैं उठाऊंगा।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और विधायक बी. वाई. विजयेंद्र ने घटना पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आज वास्तव में राज्य के लिए एक दुखद दिन है। कोप्पल जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई इस भीषण दुर्घटना की खबर सुनकर मैं गहरा सदमे में हूं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   15 May 2026 10:35 PM IST












