राजस्थान के चूरू में भीषण सड़क हादसा, एक ही परिवार के 5 लोगों समेत 6 की मौत

जयपुर, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। राजस्थान के चूरू जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच सदस्यों समेत छह लोगों की मौत हो गई। हादसा सादुलपुर-तारानगर मार्ग पर ददरेवा गांव के पास हुआ, जहां एक कार और ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई।
जानकारी के अनुसार, परिवार तारानगर तहसील के सोमसीसर गांव से गोगामेड़ी में दर्शन के लिए जा रहा था। सुबह करीब 8:30 बजे उनकी कार ददरेवा गांव के पास एक ट्रक से टकरा गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। हादसे में परिवार के पांच सदस्यों और कार चालक की मौत हो गई। मृतकों में पुरुष, महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। मृतकों में एक छह महीने का मासूम बच्चा भी शामिल है।
वहीं, सात महीने की एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे पहले नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, बाद में बेहतर इलाज के लिए चूरू रेफर कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस कर्मियों ने मिलकर कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। कुछ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सादुलपुर पुलिस की टीम उपनिरीक्षक सत्यप्रकाश जांगिड़ के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों और शवों को बाहर निकाला।
सभी शवों को पोस्टमार्टम और पहचान की औपचारिकताओं के लिए सादुलपुर उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया गया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत से सोमसीसर गांव में मातम पसरा हुआ है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
इस हादसे पर राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
