एसएमई कंपनियों ने जनवरी-जून में लगभग 80 आईपीओ के जरिए जुटाए 3,752 करोड़ रुपए रिपोर्ट

एसएमई कंपनियों ने जनवरी-जून में लगभग 80 आईपीओ के जरिए जुटाए 3,752 करोड़ रुपए रिपोर्ट
देश में लघु एवं मध्यम उद्यमों (एसएमई) ने कैलेंडर वर्ष 2026 की पहली छमाही (जनवरी-जून) के दौरान 78 प्रारंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के जरिए कुल 3,752 करोड़ रुपए जुटाए।

नई दिल्ली, 24 जुलाई (आईएएनएस)। देश में लघु एवं मध्यम उद्यमों (एसएमई) ने कैलेंडर वर्ष 2026 की पहली छमाही (जनवरी-जून) के दौरान 78 प्रारंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के जरिए कुल 3,752 करोड़ रुपए जुटाए।

शुक्रवार को जारी बी2के एनालिटिक्स की रिपोर्ट के अनुसार, इस दौरान जुटाई गई राशि का सबसे बड़ा हिस्सा नए शेयर जारी करने (फ्रेश कैपिटल) से आया, जिससे करीब 3,555 करोड़ रुपए जुटाए गए, जो कुल इश्यू साइज का लगभग 95 प्रतिशत है।

रिपोर्ट के मुताबिक, ऑफर फॉर सेल (ओएफएस) के जरिए 197 करोड़ रुपए जुटाए गए, जो कैलेंडर वर्ष 2025 की पहली छमाही के 328 करोड़ रुपए की तुलना में काफी कम है। इससे संकेत मिलता है कि कंपनियां मौजूदा शेयरधारकों की हिस्सेदारी बेचने के बजाय कारोबार के विस्तार के लिए नई पूंजी जुटाने पर अधिक जोर दे रही हैं।

हालांकि, पहली छमाही 2026 में एसएमई आईपीओ की संख्या पहली छमाही 2025 के 88 और पहली छमाही 2024 के 116 आईपीओ की तुलना में कम रही, लेकिन जुटाई गई कुल राशि पहली छमाही 2025 के 4,004 करोड़ रुपए के मुकाबले केवल मामूली रूप से कम रही। इससे पता चलता है कि कम संख्या में आईपीओ आने के बावजूद अच्छी गुणवत्ता वाली एसएमई कंपनियों को पूंजी बाजार से पर्याप्त निवेश मिलता रहा।

बी2के एनालिटिक्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) रिताबन बसु ने कहा कि पहली छमाही 2026 में एसएमई आईपीओ बाजार की रफ्तार पहले की तुलना में थोड़ी संतुलित रही, लेकिन फंड जुटाने की क्षमता मजबूत बनी रही। उन्होंने कहा कि पहली छमाही 2024 और 2025 की तुलना में आईपीओ की संख्या में कमी जरूर आई है, लेकिन कम लिस्टिंग के बावजूद करीब 3,800 करोड़ रुपए जुटाया जाना यह दर्शाता है कि गुणवत्तापूर्ण एसएमई आईपीओ में निवेशकों की रुचि बनी हुई है और विकास पर केंद्रित कंपनियों को इक्विटी पूंजी तक अच्छी पहुंच मिल रही है।

रिपोर्ट के अनुसार, कैलेंडर वर्ष 2026 की दूसरी तिमाही (अप्रैल-जून) में 38 एसएमई कंपनियां शेयर बाजार में सूचीबद्ध हुईं और उन्होंने करीब 1,891 करोड़ रुपए जुटाए। यह राशि पिछले वर्ष की समान तिमाही में जुटाए गए 1,644 करोड़ रुपए से अधिक रही।

रिपोर्ट में कहा गया है कि दूसरी तिमाही 2026 में एसएमई आईपीओ गतिविधियां कैलेंडर वर्ष 2025 की तीसरी और चौथी तिमाही में दर्ज असाधारण स्तर से कम रहीं, जब बाजार में क्रमशः 95 और 86 एसएमई आईपीओ आए थे।

हालांकि, ताजा तिमाही का प्रदर्शन कैलेंडर वर्ष 2026 की पहली तिमाही और पिछले वर्ष की समान अवधि के लगभग अनुरूप रहा, जिससे संकेत मिलता है कि एसएमई आईपीओ बाजार अब अपेक्षाकृत संतुलित स्तर पर पहुंच गया है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   24 July 2026 1:49 PM IST

Tags

Next Story