पहलाज निहलानी के निधन से शोक में डूबा बॉलीवुड, सनी देओल और कंगना रनौत ने दी भावुक श्रद्धांजलि

पहलाज निहलानी के निधन से शोक में डूबा बॉलीवुड, सनी देओल और कंगना रनौत ने दी भावुक श्रद्धांजलि
मशहूर फिल्म निर्माता पहलाज निहलानी का 76 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके निधन की खबर सामने आते ही फिल्म जगत में शोक की लहर दौड़ गई। कई कलाकारों, निर्माताओं और फिल्मी हस्तियों ने सोशल मीडिया के जरिए श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुंबई, 4 जून (आईएएनएस)। मशहूर फिल्म निर्माता पहलाज निहलानी का 76 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके निधन की खबर सामने आते ही फिल्म जगत में शोक की लहर दौड़ गई। कई कलाकारों, निर्माताओं और फिल्मी हस्तियों ने सोशल मीडिया के जरिए श्रद्धांजलि अर्पित की।

अभिनेता सनी देओल ने पहलाज निहलानी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर एक पुरानी तस्वीर साझा की, जिसमें वह पहलाज निहलानी के साथ नजर आ रहे हैं।

उन्होंने तस्वीर के साथ लिखा, ''पहलाज निहलानी जी एक अच्छे दोस्त, एक परिवार और ऐसे नेकदिल इंसान थे, जो हमेशा दूसरों की मदद के लिए तैयार रहते थे। उनकी ताकत, स्नेह और मुस्कान हमेशा हमारे साथ रहेगी।''

अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पहलाज निहलानी को श्रद्धांजलि दी। कंगना ने गहरा दुख जताते हुए भारतीय सिनेमा में उनके योगदान को याद किया। उन्होंने लिखा, ''पहलाज निहलानी जी के निधन के बारे में सुनकर बहुत दुख हुआ। वह ऐसे निर्माता थे, जिन्होंने कई फिल्मों का समर्थन किया और कई कलाकारों को आगे बढ़ने का मौका दिया। उन्होंने दशकों तक भारतीय सिनेमा के लिए पूरे समर्पण के साथ काम किया। उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।''

कंगना रनौत ने आगे लिखा, ''इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं पहलाज निहलानी के परिवार, दोस्तों और करीबी लोगों के साथ हैं। भगवान उनकी दिवंगत आत्मा को शांति दें।''

अभिनेता रणदीप हुड्डा ने भी पहलाज निहलानी के निधन पर दुख जताया। उन्होंने कहा, ''पहलाज निहलानी जी के निधन से दुखी हूं। उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना। उनकी आत्मा को शांति मिले।''

पहलाज निहलानी के निधन की खबर सामने आने के बाद कई फिल्मी सितारे उनके घर पहुंचे। अभिनेत्री मलाइका अरोड़ा अपनी बहन अमृता अरोड़ा और अपने बेटे के साथ उनके घर पहुंचीं। वहां उन्होंने परिवार से मुलाकात कर इस दुख की घड़ी में अपना समर्थन व्यक्त किया।

पहलाज निहलानी लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना कर रहे थे। जानकारी के अनुसार, उन्होंने मुंबई स्थित अपने घर पर अंतिम सांस ली। उनका अंतिम संस्कार मुंबई के सांताक्रूज स्थित श्मशान घाट में किया जाएगा।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   4 Jun 2026 4:46 PM IST

Tags

Next Story