टीसीएस नासिक मामले पर बोले एन चंद्रशेखरन, अगर कोई कर्मचारी दोषी पाया जाता है तो कंपनी लेगी सख्त एक्शन

टीसीएस नासिक मामले पर बोले एन चंद्रशेखरन, अगर कोई कर्मचारी दोषी पाया जाता है तो कंपनी लेगी सख्त एक्शन
टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने मंगलवार को कहा कि अगर कंपनी की नासिक यूनिट के यौन उत्पीड़न के मामले में कोई कर्मचारी दोषी पाया जाता है तो कंपनी उसके खिलाफ सख्त एक्शन लेगी।

नई दिल्ली, 9 जून (आईएएनएस)। टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने मंगलवार को कहा कि अगर कंपनी की नासिक यूनिट के यौन उत्पीड़न के मामले में कोई कर्मचारी दोषी पाया जाता है तो कंपनी उसके खिलाफ सख्त एक्शन लेगी।

टीसीएस की 31वीं एनुअल जनरल मीटिंग में बोलते हुए चंद्रशेखरन ने कहा,"यह मामला अभी कोर्ट में है, इसलिए मैं इस पर ज्यादा कुछ नहीं कहना चाहता है, लेकिन हमें जो शुरुआती रिपोर्ट मिली है, उससे पता चलता है कि कंपनी को किसी भी चैनल या ईमेल के जरिए कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली है।"

उन्होंने आगे कहा, "हम यह पुख्ता करना चाहते हैं कि नासिक ऑफिस पर मौजूद हर व्यक्ति जांच करने वालों से बात कर सके। अगर हमें प्रोसेस में कोई कमी मिलती है, तो प्रोसेस को और मजबूत किया जाएगा। अगर किसी कर्मचारी की गलती पाई जाती है, तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। हम औपचारिक जांच पूरी होने का इंतजार करेंगे और अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।"

बीते महीने नासिक पुलिस की स्पेशनल इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआईटी) इस मामले में चार्जशीट फाइल कर चुकी है।

वहीं, मामले की आंतरिक जांच के लिए टीसीएस ने डेलॉयट और ट्राइलीगल को इंडिपेंडेंट एडवाइजर के तौर पर हायर किया था। यह जांच टीसीएस की प्रेसिडेंट और चीफ ऑपरेटिग ऑफिसर आरती सुब्रमण्यन की देखरेख में हो रही है।

कंपनी ने नतीजों की समीक्षा करने और आगे की कार्रवाई के लिए सुझाव देने के मकसद से एक निगरानी समिति भी बनाई है, जिसके प्रमुख इंडिपेंडेंट डायरेक्टर केकी मिस्त्री हैं।

यह मामला सबसे पहले मार्च में सामने आया, जब टीसीएस की नासिक बीपीओ यूनिट में काम करने वाली एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई कि उसके एक सहकर्मी ने शादी का वादा करके उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए थे।

जांच के दौरान, पुलिस ने 2022 से 2026 के बीच हुए मानसिक और यौन उत्पीड़न, और सीनियर मैनेजरों की ओर से कोई कार्रवाई न किए जाने से जुड़े आठ और एफआईआर दर्ज किए। कुछ शिकायतकर्ताओं ने धर्म परिवर्तन की कोशिश के आरोप भी लगाए।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   9 Jun 2026 8:08 PM IST

Tags

Next Story