तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी ने रद्द किया अमेरिका दौरा, केंद्र ने नहीं दी अनुमति
हैदराबाद, 21 अगस्त (आईएएनएस)। तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने अपना अमेरिका दौरा रद्द कर दिया है। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने शुक्रवार को बताया कि विदेश मंत्रालय ने इस दौरे की अनुमति नहीं दी है।
मुख्यमंत्री बुधवार देर रात 10 दिन के ब्रिटेन और अमेरिका दौरे पर लंदन के लिए रवाना हुए थे। अब वे ब्रिटेन में अपने कार्यक्रम पूरे करने के बाद भारत लौट आएंगे। आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल को 23 अगस्त को अमेरिका के लिए रवाना होना था।
सीएमओ के मुताबिक, मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के नेतृत्व में तेलंगाना राइजिंग का आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल अमेरिका जाने वाला था, लेकिन विदेश मंत्रालय ने अनुमति देने से इनकार कर दिया। मंत्रालय ने कहा है कि राजनीतिक दृष्टिकोण से क्लीयरेंस नहीं दी गई है।
राज्य सरकार ने नीति और प्रोटोकॉल के अनुसार ब्रिटेन और अमेरिका की यात्रा के लिए केंद्र से अनुमति मांगी थी, लेकिन सिर्फ ब्रिटेन यात्रा को मंजूरी मिली। सीएमओ ने बताया कि केंद्र ने आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल के ब्रिटेन पहुंचने के बाद अमेरिका दौरे से इनकार की जानकारी दी।
केंद्र के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने कहा, "इस दौरे का एकमात्र मकसद केंद्र की नई शिक्षा नीति के तहत दुनिया के सर्वश्रेष्ठ संस्थानों को भारत, तेलंगाना और हैदराबाद लाना था। ये हमारे युवाओं की दुनिया के बेस्ट आइवी लीग और टॉप ग्लोबल संस्थानों से शिक्षा, कौशल और ट्रेनिंग पाने की उम्मीदों का जवाब होते।"
उन्होंने कहा, "मैं हमेशा मानता रहा हूं कि जब देश के निर्माण और युवाओं के भविष्य की बात आती है तो हमें राजनीति और चुनावों से ऊपर सोचना चाहिए।"
सीएम रेवंत रेड्डी ने केंद्र सरकार के फैसले का पालन करने का निर्णय लिया है। वे बोस्टन, अमेरिका जाने के बजाय लंदन से हैदराबाद वापस लौटेंगे।
सीएम रेड्डी ने कहा, "हम हैदराबाद को ग्लोबल नॉलेज हब बनाएंगे। उस्मानिया से लेकर एचसीयू से लेकर जेएनटीयू तक यूनिवर्सिटीज के बनने ने हैदराबाद को बेस्ट ह्यूमन रिसोर्स का हब बनाया है। हैदराबाद पब्लिक स्कूल ने दिखाया है कि हम कैसे दुनिया का नेतृत्व कर सकते हैं, जिसने कई बड़े टेक लीडर्स पैदा दिए हैं। आईआईटी, आईएसबी, और नालसर की शुरुआत ने हैदराबाद को टॉप कंपनियों और उनके जीसीसी को आकर्षित करने में मदद की। अब हम हैदराबाद को दुनिया के सबसे महान शिक्षा और कौशल संस्थानों का घर बनाएंगे ताकि हमारी 21वीं सदी की यात्रा को ताकत मिले।"
सीएम रेवंत रेड्डी अपने तय कार्यक्रम के अनुसार ब्रिटेन में ऑक्सफोर्ड, कैम्ब्रिज, लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स, लंदन बिजनेस स्कूल, यूनिवर्सिटी ऑफ लंदन समेत अन्य संस्थानों का दौरा और बातचीत जारी रखेंगे।
वे ब्रिटेन में टॉप स्पोर्ट्स संस्थानों और स्किलिंग लीडरशिप से भी मिलेंगे और तेलंगाना के साथ साझेदारी को औपचारिक रूप देने की कोशिश करेंगे।
उन्होंने कहा, "मेरा संकल्प है कि हैदराबाद को दुनिया के टॉप शहरों में से एक बनाया जाए, जहां कोई भी आम भारतीय हार्वर्ड और ऑक्सफोर्ड या एमआईटी और एलबीएस या एलएसई से शिक्षा और सर्टिफिकेट ले सके। ऐसा इसलिए क्योंकि जहां ज्यादातर नेता अपने बच्चों को विदेश भेजना चाहते हैं, वहीं मैं दुनिया के बेस्ट संस्थानों को भारत लाना चाहता हूं।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   21 Aug 2026 1:36 PM IST












