चिरंजीवी से मुलाकात पर बोले तरुण मूर्ति- 'थुडारम के तेलुगु रीमेक से इसका कोई संबंध नहीं'
चेन्नई, 9 मई (आईएएनएस)। मलयालम फिल्म इंडस्ट्री के चर्चित निर्देशक तरुण मूर्ति इन दिनों लगातार चर्चा में बने हुए हैं। उनकी फिल्म 'थुडारम' को दर्शकों ने खूब पसंद किया और यह फिल्म बड़ी सफल साबित हुई। फिल्म में सुपरस्टार मोहनलाल मुख्य भूमिका में नजर आए थे। फिल्म की सफलता के बाद यह खबरें सामने आने लगी थीं कि अब इसका तेलुगु रीमेक बनाया जा सकता है।
इसी बीच तरुण मूर्ति की तेलुगु सुपरस्टार चिरंजीवी से मुलाकात ने इन चर्चाओं को और तेज कर दिया। लोगों को लगने लगा कि शायद दोनों किसी नई फिल्म या 'थुडारम' के तेलुगु रीमेक को लेकर बातचीत कर रहे हैं। हालांकि, अब निर्देशक ने खुद सामने आकर इन खबरों पर सफाई दी है।
तरुण मूर्ति ने इंस्टाग्राम पर चिरंजीवी के साथ एक तस्वीर पोस्ट की। इस तस्वीर के साथ उन्होंने बताया कि उनकी यह मुलाकात 'थुडारम' के तेलुगु रीमेक से जुड़ी नहीं थी। उन्होंने कहा, ''चिरंजीवी की टीम की तरफ से मुझे फोन आया था और बताया गया कि अभिनेता मुझसे व्यक्तिगत रूप से मिलना चाहते हैं। यह सुनकर मैं तुरंत उनसे मिलने के लिए रवाना हो गया। इतने बड़े कलाकार की तरफ से बुलावा आना मेरे लिए अपने आप में बहुत बड़ी बात थी।''
उन्होंने अपनी मुलाकात के अनुभव को भी लोगों के साथ साझा किया। तरुण मूर्ति ने कहा, ''उनके घर पर हमने फिल्मों और निजी जिंदगी को लेकर बातचीत की। इस दौरान चिरंजीवी ने मेरी फिल्मों के कई दृश्यों और कहानियों के बारे में विस्तार से बात की। यह देखकर मैं हैरान भी था और खुश भी कि इतने बड़े सुपरस्टार ने मेरी फिल्मों को इतने ध्यान से देखा।''
तरुण मूर्ति ने कहा, ''चिरंजीवी आज भी फिल्मों को उसी उत्साह और दिलचस्पी से देखते हैं, जैसे कोई बच्चा नई चीजों को देखकर खुश होता है। यही बात उन्हें बाकी कलाकारों से अलग बनाती है।''
निर्देशक ने अपनी भावनाएं जाहिर करते हुए कहा, ''जिंदगी कई बार इंसान को ऐसे पल देती है, जिनकी वह कभी कल्पना भी नहीं करता। कई छोटे पल इंसान को बड़े सपने देखने की ताकत देते हैं, लेकिन चिरंजीवी से मुलाकात मेरे लिए कोई छोटा पल नहीं था। यह मेरी जिंदगी के सबसे खास और यादगार अनुभवों में से एक है।''
तरुण मूर्ति अपनी नई फिल्म 'अथिमनोहरम' की तैयारी में काफी व्यस्त हैं। इस फिल्म में मोहनलाल मुख्य भूमिका में हैं। वह पुलिस अधिकारी टी. एस. लवलेजन के किरदार में नजर आएंगे। फिल्म में अभिनेत्री मीरा जैस्मिन भी मुख्य भूमिका में दिखाई देंगी। फिल्म को लेकर दर्शकों में पहले से ही काफी उत्साह देखने को मिल रहा है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   9 May 2026 11:32 AM IST












