जम्मू-कश्मीर के रियासी में गाड़ी पलटने से दो लोगों की मौत, 7 अन्य घायल
जम्मू, 14 सितंबर (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में सोमवार को एक सड़क हादसे में कम से कम दो लोगों की मौत हो गई और सात अन्य घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए पास के अस्पताल में पहुंचाया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि जिले के बक्कल टनल इलाके के पास यात्रियों से भरी एक गाड़ी पलट गई। इसके कारण दो लोगों की मौत हो गई और सात अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने कहा कि यह गाड़ी बक्कल से रियासी की ओर जा रही थी, तभी वह पलट गई। मृतकों की अभी पहचान नहीं हो पाई है।
अधिकारियों ने कहा कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को इलाज के लिए पास के अस्पताल में पहुंचाया गया। फिलहाल, पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी है।
इससे पहले, 7 सितंबर को जम्मू-कश्मीर में दो अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि गांदरबल जिले में एक लड़के और एक लड़की ने नहर में छलांग लगा दी, जिससे वे डूब गए। लड़के की पहचान थून निवासी मोहम्मद शरीफ काही के बेटे इरशाद अहमद काही के तौर पर हुई, जबकि लड़की की पहचान उजागर नहीं की गई।
वहीं, शोपियां के जैनापोरा इलाके के सुगू हंधमा में सेब के बाग में एक 28 साल के युवक का शव लटका हुआ मिला। अधिकारियों ने बताया कि उस युवक को सबसे पहले स्थानीय लोगों ने देखा और फिर पुलिस को सूचना दी। उसकी पहचान सुगू हंधमा के नजीर अहमद भट के बेटे नदीम नजीर भट के तौर पर हुई।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   14 Sept 2026 2:18 PM IST












