पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत ने उल्लेखनीय प्रगति की अनिल विज
चंडीगढ़, 23 मई (आईएएनएस)। हरियाणा के ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने पिछले कुछ वर्षों में तेजी से प्रगति की है। उन्होंने कहा कि जब नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री बने थे, तब भारत की अर्थव्यवस्था दुनिया में 14वें स्थान पर थी, लेकिन आज देश तीसरे स्थान तक पहुंच चुका है।
अनिल विज अंबाला छावनी स्थित मुसद्दी लाल आर्य गर्ल्स हाई स्कूल के वार्षिक समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है और देश उसी दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि सभी सेवाओं में शिक्षा देना सबसे श्रेष्ठ सेवा मानी जाती है। उन्होंने कहा कि पहले के गुरुकुल और आज के स्कूलों में बड़ा अंतर है। आधुनिक स्कूल जहां बच्चों को साक्षर और शिक्षित बनाते हैं, वहीं गुरुकुलों में नैतिक और सांस्कृतिक मूल्यों की भी शिक्षा दी जाती थी।
उन्होंने कहा कि शैक्षणिक संस्थान बच्चों को बेहतर इंसान बनाते हैं और उन्हें भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार करते हैं। उन्होंने शिक्षण संस्थानों में काम करने वाले लोगों को सम्मान के योग्य बताया।
अनिल विज ने कहा कि बेटियों को शिक्षित करना समाज की सबसे बड़ी सेवा है, और यह स्कूल बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देकर सराहनीय कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि इससे बड़ा कोई पुण्य नहीं हो सकता।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी उन्होंने जमकर सराहना की।
ऊर्जा मंत्री ने खुद को जनता का 'चौकीदार' बताते हुए कहा कि सरकार द्वारा दिया जाने वाला सहयोग वास्तव में जनता का ही विश्वास और धन है। उन्होंने कहा कि जनता के सहयोग और आशीर्वाद से ही अंबाला छावनी में बड़े स्तर पर विकास कार्य संभव हो पाए हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि अंबाला छावनी में देश के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम 1857 को समर्पित एक राष्ट्रीय स्तर का शहीद स्मारक बनाया जा रहा है। अनिल विज ने कहा कि इस स्मारक का उद्घाटन जल्द ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर सकते हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   23 May 2026 11:56 PM IST












