सीएम योगी ने कुशीनगर सड़क हादसे पर दुख जताया, मदद का भरोसा दिया

लखनऊ, 2 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कुशीनगर में हुए सड़क हादसे पर दुख जताया और अधिकारियों को निर्देश दिया कि घायलों को उचित इलाज मिलना सुनिश्चित किया जाए।
दरअसल, कुशीनगर के हाटा थाना क्षेत्र में एक वैन के ट्रक से टकरा जाने के कारण छह लोगों की मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
मुख्यमंत्री कार्यालय ने एक्स पर पोस्ट किया, "मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कुशीनगर जिले में हुई एक दुखद सड़क दुर्घटना में लोगों की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया है और शोक-संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं।"
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार एवं मृतकों के परिजनों से संवाद कर हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही प्रभु श्री राम से दिवंगत आत्माओं की शांति एवं घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।
पुलिस ने बताया कि यह हादसा देर रात कुशीनगर के हाटा कोतवाली क्षेत्र के थारुडीह गांव के पास हुआ। अधिकारियों के अनुसार, वैन में आठ लोग सवार थे, तभी वह एक ट्रक से टकरा गई, जिससे छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को पास के अस्पताल पहुंचाया। बाद में उन्हें आगे के इलाज के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि मरने वालों में कप्तानगंज के एक ही परिवार के पांच लोग शामिल थे। अधिकारियों के अनुसार, यह परिवार किसी रिश्तेदार के घर एक कार्यक्रम से लौट रहा था, तभी यह हादसा हो गया। हादसे में हुई जोरदार टक्कर से वैन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) सिद्धार्थ वर्मा ने बताया, "रविवार रात को एक वैन में सवार 8 लोग 'तिलक' समारोह में शामिल होने के बाद हाटा से कप्तानगंज स्थित अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान हाटा इलाके में वैन अहीरोली की तरफ से हाटा आ रहे ट्रक से टकरा गई। वैन में सवार आठ लोगों में से छह की मौत हो गई, जबकि दो घायलों को पुलिस ने तुरंत इलाज के लिए गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज पहुंचा दिया।"
उन्होंने कहा, "मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आगे की कानूनी कार्रवाई भी चल रही है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
