वेनेजुएला भूकंप से तबाह ला गुआइरा में सेना ने संभाली कमान, राहत कार्य तेज

वेनेजुएला भूकंप से तबाह ला गुआइरा में सेना ने संभाली कमान, राहत कार्य तेज
वेनेजुएला में बुधवार को आए दो शक्तिशाली भूकंपों से ज्यादा तबाही ला गुआइरा में हुई है। हालात इतने खराब हैं कि राहत और बचाव कार्यों के लिए सेना को तैनात करना पड़ा है। नेशनल असेंबली के अध्यक्ष जॉर्ज रोड्रिगेज ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सैन्य तैनाती की गई है।

काराकस, 27 जून (आईएएनएस)। वेनेजुएला में बुधवार को आए दो शक्तिशाली भूकंपों से ज्यादा तबाही ला गुआइरा में हुई है। हालात इतने खराब हैं कि राहत और बचाव कार्यों के लिए सेना को तैनात करना पड़ा है। नेशनल असेंबली के अध्यक्ष जॉर्ज रोड्रिगेज ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सैन्य तैनाती की गई है।

स्थानीय समयानुसार शुक्रवार को टेलीविजन पर प्रसारित एक प्रेस ब्रीफिंग के दौरान रोड्रिगेज ने कहा, "हम सभी को बताना चाहते हैं कि ला गुआइरा राज्य अब पूरी तरह सैन्य नियंत्रण में है और बोलिवेरियन नेशनल आर्म्ड फोर्सेज के पूर्ण नियंत्रण में काम कर रहा है।"

रोड्रिगेज ने बताया कि कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करने, आंतरिक व्यवस्था बनाए रखने तथा वेनेजुएला के आपातकालीन बचावकर्मियों और अंतरराष्ट्रीय राहत टीमों के अभियान को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए यह कदम उठाने का निर्देश दिया है।

समाचार एजेंसी सिंहुआ के अनुसार, उन्होंने बताया कि बचावकर्मियों का अधिकांश दल काराबायेडा, माकुतो, लॉस कोरालेस और कैटिया ला मार क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों में जुटा हुआ है। ये सभी इलाके भूकंप से सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं।

रोड्रिगेज ने लोगों से अपील की कि वे ला गुआइरा की यात्रा न करें, ताकि निकासी मार्गों और बचाव दलों तथा राहत सामग्री ले जाने वाले रास्तों पर अनावश्यक भीड़ न हो।

उन्होंने वेनेजुएला के नागरिकों से काराकास में स्थापित संग्रह केंद्रों के माध्यम से पानी, खाद्य सामग्री, गद्दे, कपड़े, कंबल, हल्के एवं भारी उपकरण तथा अर्थमूविंग मशीनों सहित आवश्यक राहत सामग्री दान करने की भी अपील की।

उन्होंने हजारों स्वयंसेवकों, सरकारी अधिकारियों और बचाव संगठनों को प्रभावित लोगों की जान बचाने और उनकी सहायता के लिए किए जा रहे अथक प्रयासों के लिए धन्यवाद दिया।

बुधवार के विनाशकारी भूकंपों के बाद पीड़ितों की सहायता और शुरुआती पुनर्वास कार्यों के लिए एक दर्जन से अधिक देशों से तकनीकी और मानवीय सहायता वेनेजुएला पहुंचनी शुरू हो गई है।

गुरुवार से भारत, डोमिनिकन गणराज्य, अल सल्वाडोर, कोलंबिया, मेक्सिको, चिली, इक्वाडोर, स्पेन, जर्मनी, स्विट्जरलैंड, कतर और संयुक्त राष्ट्र प्रणाली की ओर से बचाव दल और विशेष उपकरण वेनेजुएला पहुंच चुके हैं।

शनिवार सुबह तक की आधिकारिक रिपोर्ट के अनुसार, वेनेजुएला में अब तक 920 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 3,360 से अधिक लोग घायल हुए हैं। इस आपदा से देश के मध्य तटीय क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को भी भारी नुकसान पहुंचा है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   27 Jun 2026 11:04 AM IST

Tags

Next Story