पंजाब मंत्री पर कारोबारी को धमकाने का आरोप, राज्यपाल से शिकायत करेंगे केंद्रीय राज्य मंत्री बिट्टू

पंजाब मंत्री पर कारोबारी को धमकाने का आरोप, राज्यपाल से शिकायत करेंगे केंद्रीय राज्य मंत्री बिट्टू
पंजाब में एक मंत्री द्वारा कारोबारी को कथित तौर पर धमकाने का वीडियो वायरल होने के बाद मामला गरमा गया है। केंद्रीय रेल राज्य मंत्री और भाजपा नेता रवनीत सिंह बिट्टू ने शुक्रवार को कहा कि इस मामले को पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया के सामने उठाया जाएगा।

चंडीगढ़, 10 अप्रैल (आईएएनएस)। पंजाब में एक मंत्री द्वारा कारोबारी को कथित तौर पर धमकाने का वीडियो वायरल होने के बाद मामला गरमा गया है। केंद्रीय रेल राज्य मंत्री और भाजपा नेता रवनीत सिंह बिट्टू ने शुक्रवार को कहा कि इस मामले को पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया के सामने उठाया जाएगा।

चंडीगढ़ में मीडिया के सामने पीड़ित कारोबारी मलकीत सिंह को पेश करते हुए बिट्टू ने कहा कि भाजपा इस मुद्दे को गंभीरता से उठाएगी। इस दौरान मुकैरियां से भाजपा विधायक जंगी लाल महाजन ने भी मामले में सीबीआई जांच की मांग की और पीड़ित परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की बात कही।

केंद्रीय मंत्री बिट्टू ने आरोप लगाया कि पहले अमृतसर में पूर्व मंत्री लालजीत भुल्लर पर जो आरोप लगे थे, वैसी ही घटना अब मुकैरियां में मंत्री हरदीप मुंडिया के मामले में सामने आई है। उन्होंने कहा कि फर्क सिर्फ इतना है कि पहले उत्पीड़न से परेशान होकर वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन के अधिकारी गगनदीप रंधावा ने आत्महत्या कर ली थी, जबकि मलकित सिंह ने लड़ने का फैसला किया है।

बिट्टू ने कहा कि भाजपा और अन्य दल, आम आदमी पार्टी की सरकार के खिलाफ आवाज उठाते हुए कारोबारी के परिवार के साथ खड़े हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार एक तरफ विदेशी निवेश लाने की बात करती है, वहीं दूसरी ओर स्थानीय उद्यमियों को डराकर उनसे वसूली कर रही है।

पीड़ित कारोबारी मलकित सिंह ने आरोप लगाया कि करीब एक साल पहले मंत्री मुंडिया ने 6.5 लाख रुपये की ट्रॉली बनवाई, लेकिन उसका भुगतान नहीं किया। जब उन्होंने पैसे मांगे तो मंत्री ने उनसे उनके कारोबार में हिस्सेदारी देने का दबाव बनाया।

मलकित सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि मंत्री के दबाव में पंजाब राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और अन्य विभागों द्वारा उनके खिलाफ नोटिस जारी किए गए, ताकि उनका कारोबार बंद कराया जा सके।

उन्होंने कहा कि उनके परिवार की जान-माल को खतरा है और उन्हें गैंगस्टर से जुड़ी धमकियां मिल रही हैं। मलकित सिंह के भाई पर हमला भी हो चुका है, लेकिन शिकायत दर्ज कराने के बावजूद पुलिस ने मंत्री के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   10 April 2026 7:10 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story