राज्यसभा चुनाव मिजोरम की एकमात्र सीट पर जेडपीएम उम्मीदवार विजयी, पहली बार मिला प्रतिनिधित्व
आइजोल, 18 जून (आईएएनएस)। मिजोरम की एकमात्र राज्यसभा सीट पर सत्तारूढ़ जोरम पीपुल्स मूवमेंट (जेडपीएम) के उम्मीदवार खियांगते लालतलुआंगकीमा ने गुरुवार को जीत दर्ज कर ली। उन्होंने विपक्षी मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ) की उम्मीदवार जोथानसांगी हमार को 16 मतों के अंतर से हराया।
इस जीत के साथ ही जेडपीएम ने पहली बार मिजोरम से राज्यसभा में अपना प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया है।
जेडपीएम के प्रवक्ता लालतलुआंगकीमा को 26 वोट मिले, जबकि लेखिका और अधिवक्ता जोथानसांगी हमार को उनकी पार्टी के सभी 10 विधायकों का समर्थन मिला।
राज्यसभा चुनाव के रिटर्निंग ऑफिसर एवं मिजोरम विधानसभा के आयुक्त एवं सचिव जोथानसांगा राल्ते ने मतगणना के बाद परिणाम की घोषणा की।
विधानसभा परिसर में सुबह 9 बजे शुरू हुआ मतदान निर्धारित समय शाम 4 बजे तक चलना था, लेकिन मतदान प्रक्रिया सुबह 11 बजे ही पूरी हो गई। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस ने इस चुनाव में मतदान से दूरी बनाई।
एक अधिकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री लालदुहोमा सहित जेडपीएम के 27 में से 26 विधायक और एमएनएफ के सभी 10 विधायकों ने मतदान किया। हालांकि, तुइचांग विधानसभा क्षेत्र से जेडपीएम विधायक डब्ल्यू. छुआनावमा स्वास्थ्य कारणों से मतदान नहीं कर सके।
मतदान के बाद मुख्यमंत्री लालदुहोमा ने विपक्ष के उस आरोप को खारिज कर दिया कि जेडपीएम के भीतर मतभेद हैं और चुनाव में क्रॉस वोटिंग हो सकती है। उन्होंने कहा कि विपक्ष जनता का ध्यान भटकाने और भ्रम फैलाने के लिए ऐसे दावे कर रहा था, लेकिन पार्टी के विधायक पूरी तरह एकजुट रहे और क्रॉस वोटिंग की कोई संभावना नहीं थी।
40 सदस्यीय मिजोरम विधानसभा में जेडपीएम के 27 विधायक हैं, जबकि एमएनएफ के 10, भाजपा के 2 और कांग्रेस का 1 विधायक है।
विपक्ष के नेता और एमएनएफ विधायक लालछंदामा राल्ते ने पहले दावा किया था कि सत्तारूढ़ जेडपीएम के भीतर मतभेद हैं। वहीं, कांग्रेस विधायक सी. न्गुनलियनचुंगा ने कहा कि उन्होंने पार्टी आलाकमान के निर्देश के अनुसार मतदान नहीं किया। भाजपा के मीडिया संयोजक जॉनी लालथानपुइया ने भी बताया कि पार्टी के दोनों विधायकों ने मतदान में हिस्सा नहीं लिया।
यह चुनाव इसलिए कराया गया, क्योंकि मिजोरम से मौजूदा राज्यसभा सांसद के. वनलालवेना (एमएनएफ) का कार्यकाल 19 जुलाई को समाप्त हो रहा है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   18 Jun 2026 9:02 PM IST












