होली से पहले ही चढ़ा निरहुआ-आम्रपाली का खुमार, रिलीज हुआ 'अवध में होली'
मुंबई, 20 फरवरी (आईएएनएस)। होली का पर्व नजदीक है और भोजपुरी इंडस्ट्री में इसकी तैयारी को लेकर धूम मची है। दिनेश लाल यादव और अभिनेत्री आम्रपाली दुबे ने इसकी शुरुआत कर दी है। शुक्रवार को अभिनेता ने अपना नया गाना 'अवध में होली' रिलीज कर दिया है।
यह गाना फैंस के बीच पहले से ही चर्चा में था और रिलीज के बाद काफी पसंद भी किया जा रहा है। गाने में निरहुआ ने खुद गायकी की है, जबकि इसके लिरिक्स छोटू यादव ने लिखे हैं और गाने का संगीत छोटे यादव बसाही ने तैयार किया है।
गाने में निरहुआ और आम्रपाली होली के रंग में रंगे नजर आ रहे हैं। दोनों की जोड़ी भोजपुरी सिनेमा में सबसे लोकप्रिय ऑन-स्क्रीन जोड़ियों में से एक है। दोनों ने पहले भी कई हिट फिल्में और गाने दिए हैं। दिनेश लाल यादव ने अपने इंस्टाग्राम पर गाने का क्लिप पोस्ट किया। निरहुआ ने लिखा, "अवध में होली।"
निरहुआ और आम्रपाली का यह नया गाना इसलिए भी खास है क्योंकि गाने में अवध की संस्कृति और होली की परंपरा को भोजपुरी अंदाज में पेश किया गया है। गाने की धुन और डांस स्टेप्स काफी कमाल के हैं। इसमें जहां आम्रपाली ने साधारण सूट पहनकर लोगों का ध्यान खींचा हैं, तो वहीं निरहुआ भी उनको मैच करते हुए कुर्ता-पायजामा में नजर आ रहे हैं।
यह गाना न सिर्फ होली की मस्ती दिखाता है, बल्कि निरहुआ और आम्रपाली की ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री को एक बार फिर से हाइलाइट करता है।
हालांकि, भोजपुरी इंडस्ट्री किसी भी त्योहार के शुरू होने से पहले गाने रिलीज करना शुरू कर देती है और होली में तो उनके गाने काफी सुर्खियों में रहते हैं। इससे पहले पवन सिंह, यश और अक्षरा सिंह भी गाने रिलीज कर चुके हैं।
अक्षरा ने गाना 'होली पे चले गोली' रिलीज किया है। अभिनेत्री के गाने की खास बात ये है कि इसमें उनके साथ अभिनेता वरुण शर्मा भी नजर आ रहे हैं। वहीं, भोजपुरी इंडस्ट्री के पावर स्टार ने गाना 'सतरंगी सलवारवा' रिलीज किया है। यह गाना दर्शकों को काफी पसंद आ रहा है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   20 Feb 2026 2:51 PM IST











