हम सब भारतीय हैं, धर्म से नहीं वतन से पहचान होनी चाहिए इंद्रेश कुमार
मुंबई, 9 अक्टूबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के नेता इंद्रेश कुमार ने भारत में आपसी भाईचारे, धार्मिक सद्भाव और एकता का संदेश देते हुए कहा कि देश के सभी लोग भारतीय हैं और उन्हें अपनी धार्मिक पहचान के साथ राष्ट्रीय पहचान पर भी गर्व करना चाहिए। समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में उन्होंने कहा कि देश में रहने वाले लोगों को धर्म के आधार पर अलग-अलग देखने के बजाय भारतीयता के आधार पर एकजुट रहना चाहिए। इसके साथ ही, उन्होंने गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग पर भी प्रतिक्रिया दी और मेमन कम्युनिटी के प्रस्ताव को महत्वपूर्ण कदम बताया।
इंद्रेश कुमार ने कहा कि खुदा, अल्लाह, ईश्वर, परमेश्वर और गॉड को मानने वाले सभी लोगों का मूल सत्य यही है कि वे इंसान हैं। उन्होंने कहा कि मनुष्य को शैतान बनने के बजाय इंसानियत से भरपूर होना चाहिए। दुनिया में लोगों की पहचान उनके देश से होती है और भारत में रहने वाले सभी लोग भारतीय, हिंदुस्तानी और इंडियन हैं।
आरएसएस नेता ने कहा कि भारत के लोग अपने पूर्वजों, वतन और परंपराओं के आधार पर एक हैं। उन्होंने दावा किया कि देश के 99 प्रतिशत से अधिक मुसलमान न तो विदेशी हैं और न ही पराए, बल्कि वे इसी देश के थे, हैं और रहेंगे। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को अपने-अपने तरीके से इबादत करने की स्वतंत्रता होनी चाहिए। किसी को दूसरे की इबादत में दखल नहीं देना चाहिए, बल्कि एक-दूसरे के धार्मिक आयोजनों में सम्मानपूर्वक शामिल होना चाहिए। आपसी सहयोग और सद्भाव से दंगा-मुक्त भारत का निर्माण किया जा सकता है।
इंद्रेश कुमार ने गाय और इंसान के नाम पर होने वाली हिंसा के खिलाफ भी संदेश दिया। उन्होंने कहा, "नो काउ लिंचिंग, नो मैन लिंचिंग, लेट अस मेक भारत लिंचिंग फ्री भारत।" यानी गाय या इंसान, किसी के नाम पर भी हिंसा नहीं होनी चाहिए और भारत को हिंसा-मुक्त बनाया जाना चाहिए। इस दौरान उन्होंने नशा-मुक्त समाज बनाने की जरूरत पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि गरीबों, पीड़ितों, कमजोरों और असहाय लोगों की मदद करना समाज की जिम्मेदारी है। एकता का संदेश देते हुए आरएसएस नेता ने कहा कि सभी लोग मिल-जुलकर आगे बढ़ेंगे, तभी नए भारत और नई दुनिया का निर्माण संभव होगा।
गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की उठी मांग पर इंद्रेश कुमार ने मेमन कम्युनिटी के प्रस्ताव का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि समुदाय ने गाय के महत्व को समझते हुए जो प्रस्ताव पारित किया है, वह एक बड़ा कदम है। यह प्रस्ताव मुसलमानों सहित विभिन्न राजनीतिक दलों, धर्मों, पंथों और धार्मिक परंपराओं से जुड़े लोगों के लिए एक संदेश है।
गाय के दूध के महत्व को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा कि जब मां का दूध उपलब्ध नहीं होता, तो बच्चे को गाय का दूध दिया जाता है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   9 Oct 2026 11:49 PM IST












