हैदराबाद में ‘जमीन में दबे खजाने’ के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, चार आरोपी गिरफ्तार

हैदराबाद में ‘जमीन में दबे खजाने’ के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, चार आरोपी गिरफ्तार
हैदराबाद पुलिस के कमिश्नर टास्क फोर्स, शमशाबाद जोन और राजेंद्र नगर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 'गुप्त निधि' (जमीन में दबे खजाने) का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से वाहन, मोबाइल फोन, नकली सोने के सिक्के, कोयला और पूजा सामग्री बरामद की है।

हैदराबाद, 10 अगस्त (आईएएनएस)। हैदराबाद पुलिस के कमिश्नर टास्क फोर्स, शमशाबाद जोन और राजेंद्र नगर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 'गुप्त निधि' (जमीन में दबे खजाने) का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से वाहन, मोबाइल फोन, नकली सोने के सिक्के, कोयला और पूजा सामग्री बरामद की है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद मुनव्वर उर्फ मुन्ना (36), सैयद अली अशरफ (40), मोहम्मद हाजी (25) और मोहम्मद सलमान (29) के रूप में हुई है। सभी आरोपी हैदराबाद और मेदचल-मलकाजगिरि जिले के निवासी हैं।

पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी मुनव्वर पहले कारों की पेंटिंग-डेंटिंग का काम करता था। आय कम होने के कारण उसने अपने साथियों के साथ मिलकर लोगों को ठगने की साजिश रची। गिरोह के सदस्य भोले-भाले लोगों को यह विश्वास दिलाते थे कि उन्हें जमीन के नीचे दबे खजाने का पता लगाने की विशेष जानकारी है।

ठगी के लिए आरोपी लोगों के घरों या जमीन पर खुदाई कराते थे। इसके बाद वे वहां पहले से छिपाकर रखी गई कोयले की बोरी और नकली सोने की परत चढ़े सिक्के निकालकर दिखाते थे। फिर पीड़ितों को यह कहकर विश्वास में लेते थे कि कुछ समय बाद यह कोयला सोने में बदल जाएगा। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो जाते थे।

जांच में पता चला है कि गिरोह ने हैदराबाद के विभिन्न इलाकों में कम से कम 11 लोगों को ठगी का शिकार बनाया और उनसे करीब एक करोड़ रुपए ठग लिए।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो कारें, एक ऑटो-रिक्शा, दो मोटरसाइकिल, चार मोबाइल फोन, 25 नकली सोने के सिक्के, छह किलोग्राम कोयला, चार किलोग्राम मिट्टी और पूजा सामग्री बरामद की है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मुख्य आरोपी मुनव्वर के खिलाफ पहले भी बेगम बाजार थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज है।

इस संबंध में राजेंद्र नगर थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 351(2), 61(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे जमीन में दबे खजाने, गुप्त धन या चमत्कारिक तरीके से धन प्राप्त कराने जैसे दावों पर विश्वास न करें। यदि कोई व्यक्ति इस तरह की गतिविधियों में शामिल दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें।

यह कार्रवाई टास्क फोर्स, शमशाबाद जोन के इंस्पेक्टर के. रवि के नेतृत्व में एसआई के. मंसूर अली, नरसिंग राव, एस. शेषु और उनकी टीम तथा राजेंद्र नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने की।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   10 Aug 2026 11:54 PM IST

Tags

Next Story