आईसीसी बोर्ड चुनावों में बड़ा उलटफेर ख्वाजा हारे, पलानी, उस्मानी और वैन वुरेन की जीत

आईसीसी बोर्ड चुनावों में बड़ा उलटफेर ख्वाजा हारे, पलानी, उस्मानी और वैन वुरेन की जीत
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) के लंबे समय से डिप्टी चेयरमैन रहे इमरान ख्वाजा को बुधवार को संस्था के सालाना सम्मेलन के दौरान एसोसिएट मेंबर डायरेक्टर्स के चुनाव में हार का सामना करना पड़ा।

एडिनबर्ग, 8 जुलाई (आईएएनएस)। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) के लंबे समय से डिप्टी चेयरमैन रहे इमरान ख्वाजा को बुधवार को संस्था के सालाना सम्मेलन के दौरान एसोसिएट मेंबर डायरेक्टर्स के चुनाव में हार का सामना करना पड़ा।

इस चुनाव में फ्रांस के गुरुमूर्ति पलानी 35 वोटों के साथ सबसे आगे रहे, जबकि मुबाशिर उस्मानी (यूएई) और रूडी वैन वुरेन (नामीबिया) ने 26-26 वोट हासिल किए। इस तरह उन्होंने 17 सदस्यों वाले ताकतवर आईसीसी बोर्ड में दो साल के कार्यकाल के लिए उपलब्ध तीन सीटों पर कब्जा जमाया। पलानी और वैन वुरेन पहली बार आईसीसी के टॉप बोर्ड में शामिल हुए हैं, जबकि उस्मानी अपनी जगह बनाए रखने में कामयाब रहे।

सिंगापुर के अनुभवी प्रशासक ख्वाजा 23 वोटों के साथ चौथे स्थान पर रहे। मुकाबले में शामिल पांचवें उम्मीदवार महिंदा वल्लीपुरम (मलेशिया) को सिर्फ 19 वोट मिले।

पेशे से वकील ख्वाजा ने इससे पहले साल 2020 में शशांक मनोहर के पद छोड़ने के बाद अंतरिम आईसीसी चेयरमैन के तौर पर काम किया था। उन्होंने एन. श्रीनिवासन, ग्रेग बार्कले और जय शाह जैसे कई प्रमुखों के अधीन डिप्टी चेयरमैन के तौर पर भी काम किया।

इमरान ख्वाजा को पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) और बोर्ड ऑफ कंट्रोल फॉर क्रिकेट इन इंडिया (बीसीसीआई) के बीच अहम बातचीत को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाने के लिए 'संकटमोचक' भी माना गया था, जिससे कोलंबो में पुरुषों का टी20 वर्ल्ड कप मैच आसानी से हो सका।

यूएसए क्रिकेट और क्रिकेट कनाडा अभी भी निलंबन के दौर से गुजर रहे हैं। ऐसे में प्रत्येक दो साल में होने वाले इस चुनाव में वोट देने के लिए योग्य 45 एसोसिएट सदस्यों में से 43 ही वोट डाल सके। हर योग्य सदस्य को तीन वोट देने की इजाजत थी, इसलिए कुल 129 वोट डाले गए।

ख्वाजा के पद छोड़ने के बाद अब आईसीसी को नया उपाध्यक्ष नियुक्त करना होगा। उम्मीद है कि 11 जुलाई को समाप्त होने वाले चार दिवसीय सम्मेलन से पहले नव-निर्वाचित तीन एसोसिएट डायरेक्टर में से किसी एक को इस पद के लिए चुना जाएगा।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   8 July 2026 5:23 PM IST

Tags

Next Story