आईसीसी टी20 रैंकिंग अभिषेक और ईशान का दबदबा कायम, बांग्लादेश के खिलाड़ियों को हुआ फायदा
दुबई, 6 मई (आईएएनएस)। आईसीसी ने टी20 की ताजा रैंकिंग जारी की है। बल्लेबाजों की रैंकिंग में भारतीय टीम के विस्फोटक सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा शीर्ष पर बने हुए हैं। बांग्लादेश के खिलाड़ियों को ताजा रैंकिंग में फायदा हुआ है।
टी20 बल्लेबाजों की रैंकिंग में अभिषेक शर्मा 9 मार्च के बाद से कोई इंटरनेशनल टी20 नहीं खेलने के बावजूद पहले स्थान पर बने हुए हैं। ईशान किशन दूसरे स्थान पर हैं। पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान तीसरे स्थान पर हैं। इंग्लैंड के फिल साल्ट चौथे, श्रीलंका के पाथुम निसांका पांचवें, भारत के तिलक वर्मा छठे, भारत के कप्तान सूर्यकुमार यादव सातवें, इंग्लैंड के जोस बटलर आठवें, दक्षिण अफ्रीका के डेवाल्ड ब्रेविस नौवें और जिम्बाब्वे के ब्रायन बेनेट दसवें स्थान पर हैं।
गेंदबाजों की रैंकिंग में अफगानिस्तान के राशिद खान पहले, भारत के वरुण चक्रवर्ती दूसरे,पाकिस्तान के अबरार अहमद तीसरे, इंग्लैंड के आदिल राशिद चौथे, भारत के जसप्रीत बुमराह पांचवें, ऑस्ट्रेलिया के एडम जांपा छठे, दक्षिण अफ्रीका के कॉर्बिन बोश सातवें, वेस्टइंडीज के मैथ्यू फोर्ड आठवें, अफगानिस्तान के मुजीब उर रहमान नौवें और ऑस्ट्रेलिया के नाथन एलिस दसवें स्थान पर हैं।
मौजूदा समय में आईपीएल 2026 का आयोजन हो रहा है। पाकिस्तान में इस दौरान पाकिस्तान प्रीमियर लीग (पीएसएल) खेली गई। आईपीएल के दौरान अंतरराष्ट्रीय सीरीज न के बराबर होती है।
कुछ दिन पहले न्यूजीलैंड की बी टीम बांग्लादेश में तीन टी20 मैच खेली थी। सीरीज ड्रॉ रही थी। बांग्लादेश के खिलाड़ियों को टी20 की बल्लेबाजी और गेंदबाजी रैंकिंग में फायदा हुआ है।
प्लेयर ऑफ द सीरीज बांग्लादेश के तौहिद हृदय बल्लेबाजों की रैंकिंग में 37वें स्थान पर आ गए हैं।
गेंदबाजी में बांग्लादेश के महेदी हसन एक स्थान ऊपर चढ़कर 17वें स्थान पर आ गए, जबकि शोरीफुल इस्लाम नौ स्थान की बड़ी छलांग लगाकर 54वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
न्यूजीलैंड के बेन सियर्स 10 स्थान ऊपर चढ़कर 51वें स्थान पर आ गए। ईश सोढ़ी चार स्थान ऊपर चढ़कर 88वें स्थान पर आ गए। सोढ़ी सबसे छोटे फॉर्मेट में न्यूजीलैंड के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज भी बन गए हैं। उन्होंने 165 विकेट लेते हुए टिम साउथी (164 विकेट) को पीछे छोड़ा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   6 May 2026 3:09 PM IST












