इन पांच कारणों के चलते आईपीएल 2026 में डूबी मुंबई इंडियंस की लुटिया

इन पांच कारणों के चलते आईपीएल 2026 में डूबी मुंबई इंडियंस की लुटिया
मुंबई इंडियंस (एमआई) का आईपीएल 2026 के प्लेऑफ में पहुंचने का सपना टूट चुका है। रविवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ मिली हार के साथ ही टीम के लिए अंतिम चार में पहुंचने के दरवाजे बंद हो गए। आइए आपको वो 5 कारण बताते हैं, जिसके चलते इस सीजन डूबी एमआई की लुटिया।

नई दिल्ली, 11 मई (आईएएनएस)। मुंबई इंडियंस (एमआई) का आईपीएल 2026 के प्लेऑफ में पहुंचने का सपना टूट चुका है। रविवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ मिली हार के साथ ही टीम के लिए अंतिम चार में पहुंचने के दरवाजे बंद हो गए। आइए आपको वो 5 कारण बताते हैं, जिसके चलते इस सीजन डूबी एमआई की लुटिया।

सूर्यकुमार का खराब फॉर्म पड़ी भारी: आईपीएल 2026 में सूर्यकुमार यादव रनों के लिए तरसते नजर आए। सूर्यकुमार की खराब फॉर्म का असर मुंबई इंडियंस के प्रदर्शन में भी दिखा। 11 पारियों में सूर्यकुमार ने अब तक सिर्फ 195 रन बनाए हैं, और उनका बल्लेबाजी औसत महज 17.72 का रहा। सूर्यकुमार आईपीएल 2026 में अभी तक सिर्फ एक अर्धशतक ही लगा सके हैं।

विकेट के लिए तरसे बुमराह: मुंबई इंडियंस के गेंदबाजी अटैक की जान कहे जाने वाले जसप्रीत बुमराह के लिए यह सीजन किसी बुरे सपने की तरह गुजर रहा है। बुमराह 11 मुकाबलों में अब तक सिर्फ 3 ही विकेट निकाल सके हैं और उनका इकोनॉमी भी 8.51 का रहा है। एमआई गेंदबाजी में बुमराह पर काफी हद तक निर्भर है और उनका निराशाजनक प्रदर्शन टीम की असफलता का बड़ा कारण रहा।

हार्दिक पांड्या की खराब कप्तानी: आईपीएल 2026 में हार्दिक पांड्या की कप्तानी भी सवालों के घेरे में रही। हार्दिक खुद बल्ले और गेंद दोनों से कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर सके। इसके साथ ही सही प्लेइंग इलेवन और गेंदबाजी में बदलाव करने को लेकर भी हार्दिक के फैसले मुंबई इंडियंस के पक्ष में नहीं गए। 8 मुकाबलों में हार्दिक ने सिर्फ 4 विकेट चटकाए, जबकि बल्ले से उन्होंने 146 रन बनाए हैं।

खली अच्छे स्पिनर की कमी: मुंबई इंडियंस को इस सीजन एक अच्छे स्पिनर की कमी साफतौर पर खली। अल्लाह गजनफर उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे और उनके प्रदर्शन में निरंतरता की कमी नजर आई। गजनफर अहम मौकों पर विकेट चटकाने में नाकाम रहे। इसके साथ ही वह बीच के ओवरों में बल्लेबाजों पर दबाव भी नहीं बना सके। मिचेल सैंटनर का चोटिल होना भी एमआई को काफी भारी पड़ा।

कमजोर नजर आया मिडिल ऑर्डर: मुंबई इंडियंस का मिडिल ऑर्डर इस सीजन काफी कमजोर नजर आया। सूर्यकुमार के साथ-साथ हार्दिक, नमन धीर और विल जैक्स जैसे बल्लेबाजों का प्रदर्शन भी काफी निराशाजनक रहा। वहीं, सलामी बल्लेबाज के तौर पर इस सीजन रयान रिकेल्टन और रोहित शर्मा भी कोई खास छाप नहीं छोड़ सके।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   11 May 2026 12:19 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story