ईंधन मूल्य वृद्धि पर भाकपा (माले) का केंद्र पर हमला, कहा-जनता पर थोपी जा रही आर्थिक नाकामियों की कीमत

ईंधन मूल्य वृद्धि पर भाकपा (माले) का केंद्र पर हमला, कहा-जनता पर थोपी जा रही आर्थिक नाकामियों की कीमत
पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर भाकपा (माले) ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। पार्टी ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार अपनी विदेश और आर्थिक नीतियों की विफलताओं का बोझ आम जनता पर डाल रही है।

नई दिल्ली, 15 मई (आईएएनएस)। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर भाकपा (माले) ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। पार्टी ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार अपनी विदेश और आर्थिक नीतियों की विफलताओं का बोझ आम जनता पर डाल रही है।

भाकपा (माले) की केंद्रीय कमेटी की ओर से जारी बयान में कहा गया कि सरकार लंबे समय से आर्थिक संकट से इनकार करती रही, लेकिन 2026 विधानसभा चुनावों के नतीजों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'ईंधन बचाओ' बयान के कुछ ही दिनों बाद पेट्रोल और डीजल की कीमतों में तीन रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी गई।

पार्टी ने आरोप लगाया कि सरकार की विदेश नीति और व्यापारिक हितों को अमेरिका-इजरायल गुट के करीब ले जाने से आर्थिक संकट और गहरा हुआ है। अब सरकार इस संकट का बोझ आम लोगों पर डाल रही है।

भाकपा (माले) ने कोविड काल का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय भी लोगों को कठिन परिस्थितियों में अपने हाल पर छोड़ दिया गया था और अब एक बार फिर सरकार जवाबदेही से बचते हुए लोगों पर बोझ डाल रही है। पार्टी ने कहा कि लोगों से ईंधन बचाने, सोना कम खरीदने और विदेश यात्राएं कम करने की अपील की जा रही है, जबकि संकट के लिए सरकार की नीतियां जिम्मेदार हैं।

बयान में कहा गया कि सरकार ईंधन मूल्य वृद्धि को वैश्विक कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष से जोड़ रही है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल कीमतों में गिरावट का फायदा आम जनता को कभी नहीं दिया गया। पार्टी ने आरोप लगाया कि तेल कंपनियों के मुनाफे को बचाने के लिए आम लोगों पर अतिरिक्त बोझ डाला जा रहा है।

भाकपा (माले) ने कहा कि ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी से महंगाई और बढ़ेगी तथा जरूरी वस्तुओं की कीमतों पर असर पड़ेगा। पार्टी के मुताबिक इसका असर खेती, परिवहन और अन्य क्षेत्रों पर पड़ेगा, जिससे आम लोगों की आर्थिक परेशानियां और बढ़ जाएंगी।

पार्टी ने दावा किया कि आर्थिक संकट के संकेत पहले से दिखाई दे रहे हैं। बयान में एलपीजी की कमी, रेस्टोरेंट बंद होने, मजदूरों के पलायन और बढ़ती बेरोजगारी का उल्लेख किया गया।

भाकपा (माले) ने केंद्र सरकार से पेट्रोल-डीजल की बढ़ी कीमतें तुरंत वापस लेने, बाजार आधारित मूल्य निर्धारण नीति खत्म करने और ईंधन कीमतों को नियंत्रित करने की मांग की है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   15 May 2026 10:22 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story