इंडी गठबंधन लोकतंत्र के लिए खतरा, देश के सामने पीएम मोदी बनाम बिखरा विपक्ष डॉ. सुधांशु त्रिवेदी

इंडी गठबंधन लोकतंत्र के लिए खतरा, देश के सामने पीएम मोदी बनाम बिखरा विपक्ष  डॉ. सुधांशु त्रिवेदी
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राज्यसभा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि देश की राजनीति आज दो स्पष्ट विकल्पों के बीच खड़ी है। एक ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास, सामाजिक समरसता और मजबूत लोकतंत्र है, तो दूसरी ओर विफल, बिखरा और लोकतंत्र विरोधी ‘इंडी गठबंधन’।

लखनऊ, 17 जनवरी (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राज्यसभा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि देश की राजनीति आज दो स्पष्ट विकल्पों के बीच खड़ी है। एक ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास, सामाजिक समरसता और मजबूत लोकतंत्र है, तो दूसरी ओर विफल, बिखरा और लोकतंत्र विरोधी ‘इंडी गठबंधन’।

उन्होंने शनिवार को लखनऊ स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए विपक्षी दलों पर संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने का गंभीर आरोप लगाया।

डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि बीते एक वर्ष में हुए नगर निगम और स्थानीय निकाय चुनावों के नतीजे यह स्पष्ट कर चुके हैं कि भाजपा देशभर में अपनी जड़ें मजबूत कर रही है, जबकि विपक्ष निरंतर कमजोर हो रहा है।

उन्होंने बताया कि दिल्ली के बाद केरल के नगर निगम चुनावों में भाजपा ने उल्लेखनीय उपस्थिति दर्ज की और तिरुवनंतपुरम में पहली बार भाजपा का मेयर बना। इसके साथ ही 40 वर्षों से चले आ रहे कम्युनिस्ट शासन का अंत हुआ। महाराष्ट्र नगर निगम चुनावों में भी भाजपा ने शानदार सफलता हासिल की, जिससे विपक्षी दलों की हताशा और बौखलाहट खुलकर सामने आ रही है।

भाजपा सांसद ने कहा कि चुनावी पराजय से कुंठित विपक्षी दल अब लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं पर हमला कर रहे हैं। उन्होंने पश्चिम बंगाल में एसआईआर प्रक्रिया के दौरान बीएलओ अशोक चंद्र दास की आत्महत्या का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी पत्नी की शिकायत के अनुसार उन पर दबाव बनाया जा रहा था कि संदिग्ध मतदाताओं के नाम न हटाए जाएं। यह घटना दर्शाती है कि इंडी गठबंधन की सरकारों को पारदर्शी लोकतंत्र में विश्वास नहीं है।

डॉ. त्रिवेदी ने पंजाब में मीडिया संस्थानों पर कार्रवाई और एफआईआर को लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरा बताया। उन्होंने कहा कि प्रतिकूल खबरों के कारण मीडिया पर छापेमारी और दमन की घटनाएं लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत हैं।

उन्‍होंने तमिलनाडु में न्यायालय के आदेशों की अवहेलना और न्यायाधीशों को भयभीत करने के प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि यह रवैया संविधान की आत्मा पर सीधा हमला है। पश्चिम बंगाल में उच्च न्यायालय को अशांत माहौल के कारण सुनवाई स्थगित करनी पड़ी। यह स्थिति भी बेहद चिंताजनक है।

राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि इंडी गठबंधन केवल नाम भर का गठबंधन है, जिसका संसद के पटल पर कोई अस्तित्व नहीं है। एनडीए ने अपने नेता का विधिवत चयन कर लोकसभा अध्यक्ष और राज्यसभा सभापति को सूचना दी है, जबकि इंडी गठबंधन ऐसा करने में भी असफल रहा है। उन्होंने बताया कि 2025 के बाद दिल्ली, केरल और महाराष्ट्र में यह गठबंधन अलग-अलग होकर चुनाव लड़ चुका है और आगे भी इसका विघटन तय है।

डॉ. त्रिवेदी ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से सवाल किया कि क्या उत्तर प्रदेश में अब भी इंडी गठबंधन का कोई अस्तित्व बचा है।

उन्होंने कहा कि दिल्ली, मुंबई और पटना के अनुभवों के बाद जनता जानना चाहती है कि यह गठबंधन अब जीवित है या पूरी तरह समाप्त हो चुका है। एसआईआर को लेकर अखिलेश यादव के बयानों पर कटाक्ष करते हुए भाजपा सांसद ने कहा कि उनके बयान विरोधाभासी और भ्रमित करने वाले हैं। कभी वे वोट जुड़ने की बात करते हैं, तो कभी कटने की। उन्होंने कहा कि देश की जनता सब देख और समझ रही है।

डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि आज जनता को यह तय करना है कि वह प्रधानमंत्री के नेतृत्व में निखरता हुआ भारत चाहती है या फिर आपसी टकराव, तुष्टीकरण और अराजकता की राजनीति करने वाला बिखरा हुआ विपक्ष। उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में कानून व्यवस्था और विकास के नए मानक स्थापित हुए हैं, जबकि विपक्ष का अतीत प्रदेश की जनता भली-भांति जानती है। नाम बदल लेने से चरित्र नहीं बदलता और इंडी गठबंधन इसका सबसे बड़ा उदाहरण है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   17 Jan 2026 9:08 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story