इंडियन यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब को रिहा किया जाए पूर्व सीएम भूपेश बघेल
नई दिल्ली, 24 फरवरी (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेश बघेल ने इंडियन यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब की दिल्ली पुलिस द्वारा की गई गिरफ्तारी की निंदा की। उन्होंने तुरंत रिहाई की मांग की है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि दिल्ली पुलिस द्वारा इंडियन यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब एवं अन्य युवा साथियों की गैरकानूनी गिरफ्तारी की मैं कड़ी निंदा करता हूं। तानाशाह सरकार यह भूल रही है कि लोकतंत्र में युवाओं का आवाज उठाना, सवाल पूछना और विरोध करना अपराध नहीं, बल्कि लोकतंत्र का सबसे मजबूत हथियार है।
उन्होंने आगे कहा कि हमारे युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बिना किसी हिंसा या उकसावे के, सिर्फ शांतिपूर्ण तरीके से प्रधानमंत्री के समझौतों और युवाओं की अनसुनी पीड़ा को सामने लाया। यह एक साहसी, जायज और लोकतांत्रिक कदम था, जिसे दबाने के लिए अब सरकार के द्वारा पुलिसिया दमन का सहारा लिया जा रहा है। यह कार्रवाई न केवल गैरकानूनी है, बल्कि अभिव्यक्ति की आजादी और लोकतंत्र पर सीधा हमला भी है। हम मांग करते हैं कि उदय भानु चिब सहित सभी गिरफ्तार इंडियन यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को तुरंत रिहा किया जाए और उन पर लगाए गए सभी झूठे आरोप वापस लिए जाएं तथा इस तरह की दमनकारी कार्रवाई को तत्काल रोका जाए।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, इंडियन यूथ कांग्रेस चीफ उदय भानु चिब को भारत मंडपम में एआई समिट के दौरान यूथ कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया। तिलक मार्ग पुलिस स्टेशन के बाहर भारी सुरक्षा तैनात की गई।
प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में आयोजित हुए एआई समिट के दौरान इंडियन यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने शर्टलेस होकर विरोध प्रदर्शन किया था। इस घटना के बाद भाजपा लगातार कांग्रेस पर हमलावर है और राहुल गांधी से माफी मांगने की मांग की जा रही है। वहीं, कांग्रेस के नेताओं का दावा है कि यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने कुछ गलत नहीं किया।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   24 Feb 2026 12:47 PM IST












