इंदौर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नशीले पदार्थ के साथ 4 आरोपी गिरफ्तार

इंदौर, 14 नवंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की व्यापारिक नगरी इंदौर में नशे के कारोबार से जुड़े अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई का दौर जारी है। तीन अलग-अलग स्थानों पर पुलिस ने इस कारोबार से जुड़े चार लोगों को गिरफ्तार कर नशीले पदार्थ बरामद किए हैं।
क्राइम ब्रांच से मिली जानकारी में बताया गया है कि शनिवार को तीन अलग-अलग कार्रवाई में 13.08 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ तोफीक खान (21) तथा 17 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ मोहित उर्फ लल्लू (32) को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से कुल लगभग 3 लाख मूल्य के मादक पदार्थ बरामद कर एनडीपीएस एक्ट की कार्यवाही की जा रही है।
वहीं, थाना राऊ पुलिस ने मुखबिर सूचना पर नेहरू नगर ग्रिड के पास से सनी भालेकर (32 वर्ष) एवं चेतन जाटव (33 वर्ष), दोनों निवासी नेहरू नगर, इंदौर को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 09 ग्राम ब्राउन शुगर एवं तस्करी में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल (कुल 2.5 लाख रुपए) जब्त कर एनडीपीएस एक्ट की कार्यवाही की गई है।
इस प्रकार तीनों कार्रवाइयों में कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर 39.08 ग्राम अवैध मादक पदार्थ (13.08 ग्राम एमडी ड्रग्स एवं 26 ग्राम ब्राउन शुगर) और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई है। क्राइम ब्रांच द्वारा की गई तहकीकात में पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी मोहित उर्फ लल्लू के विरुद्ध शहर के विभिन्न थानों में चोरी, नकबजनी, अड़ीबाजी, लूट, डकैती की तैयारी, आबकारी एवं आर्म्स एक्ट सहित कुल 33 आपराधिक प्रकरण पूर्व से पंजीबद्ध होना पाए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों से मादक पदार्थों के स्रोत, सप्लायर एवं तस्करी नेटवर्क के संबंध में विस्तृत पूछताछ एवं विवेचना जारी है। पुलिस इस बात की उम्मीद कर रही है कि इन आरोपियों के जरिए वह उनके आकाओं तक पहुंचने में सफल होगी जिनके जरिए नशीले पदार्थों की आपूर्ति की जाती है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
